बेबी सुधा रानी की पुण्यतिथि पर आध्यात्मिक कार्यक्रम कल

हिसार, 23 अप्रैल : बेबी सुधा रानी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा 24 अप्रैल यानी बुधवार को बेबी सुधा रानी की 12वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में शाम 4 बजे पौधा रोपण एवं डीसी कॉलोनी पार्क में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।  कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूर्व मंत्री एवं ट्रस्ट के चेयरमैन प्रो. छत्रपाल सिंह ने कहा कि बेबी सुधा रानी के जीवन मूल्यों को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर सामाजिक कार्य किए जाते हंै। उन्होंने बताया कि बेबी सुधा रानी ने जाट कॉलेज हिसार में असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ-साथ हरियाणा सरकार में तहसीलदार और फिर एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के तौर पर भी अपनी सेवाएं दी थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाई। नौकरी के साथ-साथ वे सामाजिक उत्थान और युवाओं के विकास के लिए भी निरंतर कार्य करती रहती थीं।  प्रोफेसर छत्रपाल सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह ट्रस्ट पूरे वर्ष भर गांव, पंचायतों, स्कूलों, एवं महाविद्यालयों तथा सभी संस्थानों में सामाजिक उत्थान के लिए व्याख्यान, विचार-विमर्श एवं अन्य अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित करती है। आध्यात्मिक विकास के लिए भजन संध्या, कीर्तन और हवन इत्यादि का भी आयोजन किया जाता है। स्वास्थ्य के मद्देनजर फ्री मेडिकल कैंप और स्पोर्ट्स मीट भी आयोजित की जाती हैं। बेरोजगारी को समस्या से निपटने के लिए जागरूकता कार्यक्रम, मोटिवेशनल कैंप और रोजगार कहां-कहां उपलब्ध हैं उसके बारे में भी जानकारी उपलब्ध करवाई जाती है। इसी कड़ी में 24 अप्रैल को बेबी सुधा रानी की पुण्यतिथि पर डीसी कॉलोनी पार्क में आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सभी वर्गों के लोग शामिल होंगे और बेबी सुधा रानी को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.