*ग्लोबल, चंद्रयान-3, रोबोट, पेशेंस मशीन आकर्षण का केंद्र रहे*
हिसार, 5 फरवरी : सेंट जेवियर स्कूल, कल्लरभैणी में बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल प्रदर्शित करते हुए अपनी प्रतिभा को साबित किया। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ युवा किसान नेता व बीजेपी नेता सुरजीत ख्यालिया द्वारा रिबन काट कर किया गया। उन्होंने अपने अनुभव के आधार पर बच्चों को इस विज्ञान प्रदर्शनी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे विज्ञान की गतिविधियों में शामिल रहे। आज के बच्चे ही कल के न्यूटन, फेरारे, मार्कोनी और अब्दुल कलाम बनेंगे। इनमें वैज्ञानिक तकनीकी की अपार क्षमता है।
स्कूल के प्रधानाचार्य फादर अल्बर्ट फर्नांडिस ने बताया कि इस विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन सी. बी. एस. ई. की बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए ‘करके सीखो नीति पर किया गया। बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उनका विज्ञान के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिए यह जरूरी है कि उनकी वैज्ञानिक गतिविधियों में भागीदारी की जाए। इस विज्ञान प्रदर्शनी में विशाल ग्लोब, चंद्रयान-3, रोबोट, पेशेंस मशीन आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों द्वारा ब्लड टेस्ट भी किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने सौर ऊर्जा, पवन चक्की, सौर मंडल, जल संरक्षण, पॉली हाउस, चंद्र ग्रहण, सूर्य ग्रहण, ज्वालामुखी, सिंचाई परियोजना, वुडन मॉडल, मानव शारीरिक संरचना, बैक्टीरिया, मोटर बोट, अवतल व उत्तल दर्पण, दूषित जल उपचार संयंत्र, जे. सी. बी. आदि प्रायोगिक गतिविधियों का विवरण दिया। कुछ अन्य विषयों के मॉडल जैसे 3डी आकृति, पाइथागोरस प्रमेय, बहुभुज ऑटोमेटिक सर्कल मशीन सरकमसेंटर, लंबाई और ऊंचाई, वृत्त का क्षेत्रफल, शॉर्टकट की, भारत के राज्य, राजधानी व मुद्रा, अक्षांश और देशांतर रेखाएं, वर्षा जल संचयन, जल विद्युत, वायुमंडल, फोटोशॉप, कोडिंग, कंप्यूटर असेंबल, एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल ग्राउंड आदि प्रदर्शित किए गए और उनके बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। स्कूल के इन बाल वैज्ञानिकों ने अपने मॉडलों से यह दिखाने का प्रयास किया कि आने वाला कल उनका है और वे अपनी नई वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़कर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिक्षकों का भी सफल योगदान रहा। बच्चों ने अपने हुनर के माध्यम से सभी अभिभावकों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने बच्चों के द्वारा किए गए प्रयासों की खूब सराहना की और उन्हें भविष्य में ऐसे कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
7 फ़ोटो कैप्शन : सेंट जेवियर स्कूल, कलरभैणी में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी के दृश्य।
*- संपर्क :*
9416542444

Leave a Reply