पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 19 मई : देश की आधी आबादी महिलाओं को वोट की ताकत को पहचानना होगा क्योंकि वोट की ताकत से ही महिलाएं बदलाव ला सकती है। आज राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बहुत कम है और जब तक सियासत में महिलाओं की सक्रिय हिस्सेदारी नहीं होगी, तब तक वे अपने हितों को मजबूती नहीं दे सकती। यह बात जननायक जनता पार्टी की हिसार लोकसभा से उम्मीदवार नैना सिंह चौटाला ने कही। वे रविवार को उचाना हलके में विभिन्न गांवों में चुनाव प्रचार कर रही थी। गांवों में पहुंचने पर महिलाओं द्वारा नैना चौटाला का जोरदार स्वागत किया गया। जेजेपी उम्मीदवार ने कहा कि हिसार लोकसभा की महिलाएं अपनी पहली महिला सांसद बनाने के लिए उन्हें वोट देकर संसद भेजे, वे संसद में महिलाओं को उनके हक दिलाने की मजबूती से लड़ाई लड़ेगी। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नैना चौटाला ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र की प्रगति में अपना अहम योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि अगर आज राजनीति में महिलाओं की भागीदारी की बात करें तो बहुत कम है, जो कि बेहद चिंताजनक है। नैना चौटाला ने यह भी कहा कि महिलाओं को आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जेजेपी द्वारा की गई सभी घोषणाएं लागू हुई है।

Leave a Reply