कांग्रेस सरकार आने पर मनरेगा में 400 रुपये मिलेगी दिहाड़ी : जयप्रकाश

इंडिया गठबंधन प्रत्याशी जयप्रकाश ने किया उकलाना हलके के दर्जनों गांवों का दौरा

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 14 मई : गांव से शहर तक हर बूथ पर युवा ज्यादा से ज्यादा मतदान का प्रतिशत बढ़ाएं साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता हर छोटे से छोटे बूथ पर एक-एक वोट डलवाने का काम करें क्योंकि एक-एक वोट से ही जीता का बड़ा आंकड़ा बनता है यह बात जयप्रकाश ने उकलाना हलके का दौरा करते हुए जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। हिसार लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जयप्रकाश ने उकलाना हलके के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत गांव प्रभुवाला से की। इसके बाद बुढ़ाखेड़ा, उकलाना मंडी, सूरेवाला, बिठमड़ा, मदनपुरा, कुंदनपुरा और उकलाना गांव में जनसम्पर्क अभियान चलाया। जयप्रकाश ने कहा कि गरीब, किसान और मजदूरों के लिए कांग्रेस सरकार ही मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना लेकर आई जिससे उनके जीवन में व्यापक स्तर पर आर्थिक सुधार हुआ। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर मनरेगा के तहत प्रति व्यक्ति 400 रुपये मजदूरी देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने प्रदेश को महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में नंबर एक पर ला दिया है। ऐसे में जनता भाजपा की जनविरोधी नितियों से पूरी तरह से तंग आ चुकी है। इसलिए जनता ने भाजपा रूपी इस जहरीले खरपतवार को देश और प्रदेश से उखाड़ फैंकने का पूरा मन बना लिया है बस अब आपको लोगों को थोड़ा-सा जोर लगाने की जरूरत है। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व विधायक नरेश सेलवाल सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.