जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय उपलब्ध रहूंगा : आत्माराम बिश्नोई

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 14 मई : हिसार लोकसभा क्षेत्र निर्दलीय उम्मीदवार आत्माराम बिश्नोई आज हिसार में अनेक जगहों पर चुनाव प्रचार किया और अपने लिए लोगों से वोटों की अपील की। जनता से मिल रहे समर्थन से उत्साहित होकर आत्माराम बिश्नोई ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल उनके आदर्श हैं और वे उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए हिसार लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। आत्माराम ने कहा कि वे पूरी तरह जनता के हितों के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कभी भी राजनीति का फायदा नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग राजनीति में आते हैं, प्रपंच रचकर विजयी भी हो जाते हैं। वे अपने फायदे की राजनीति करते हैं इसलिए चुनाव जीतने के बाद जनता उनके दर्शनों तक के लिए तरस जाती है। निर्दलीय उम्मीदवार आत्माराम बिश्नोई ने कहा कि वे हिसार लोकसभा क्षेत्र के स्थानीय उम्मीदवार हैं। हिसार लोकसभा की जनता यदि उन पर विश्वास जताती है तो वे आश्वस्त करते हैं कि हमेशा उनके बीच रहेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हिसार लोकसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर वादों के अलावा कुछ नहीं किया गया। पिछले कई वर्षों में यहां न तो कोई नया स्कूल खोला गया और न ही किसी नए विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.