कांग्रेस के 60 वर्षों के मुकाबले मोदी सरकार ने 10 वर्षों में किए ऐतिहासिक कार्य
मुख्यमंत्री ने रणजीत सिंह के समर्थन में नारनौंद में की विजय संकल्प रैली
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 13 मई : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि इस बार का लोकसभा चुनाव देश की दशा व दिशा तय करने व विकास की गति तय करने का चुनाव है। जनता को देखना है कि कांग्रेस ने पिछले 60 वर्षों में क्या कुछ किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मात्र 10 वर्ष में इतने कार्य किए कि कांग्रेस के 60 वर्षों में किए गए कार्य भी छोटे पड़ गए।
नायब सिंह सैनी सोमवार को नारनौंद अनाज मंडी में हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह के समर्थन में विजय सकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली के आयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार व मौजूदा भाजपा सरकार के कामों में जमीन-आसमान का अंतर है। प्रधानमंत्री की पहल पर कार्य करते हुए देश की हर माता-बहन तक गैस का सिलेंडर पहुंचाया गया, हर घर नल व हर नल में स्वच्छ जल का प्रबंध किया गया। इसी तरह 50 करोड़ जन-धन के खाते खोलकर हर गरीब आदमी को बैंक में जाने का अधिकार हमारे प्रधानमंत्री ने दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबी के खिलाफ मजबूती सेे लड़ाई लड़ी है। कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के युवराज ने अब चुटकियों में गरीबी हटाने का नारा दिया है लेकिन उन्होंने अपने परिवार की तरफ नहीं देखा। उनकी दादी ने 1977 में गरीबी हटाने का नारा दिया था लेकिन जब तक वे प्रधानमंत्री रही, तब तक गरीबी नहीं हटी। उसके बाद राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने, उन्होंने कहा कि वे विकास के लिए एक रुपया भेजते हैं तो गांव तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं। अब कांग्रेस के युवराज ने कौन सा अलादीन का चिराग ले रखा है कि वे चुुटकियों में गरीबी हटा देंगे।
कांग्रेस के उम्मीदवार को बाहर का रास्ता दिखाए जनता : कै. अभिमन्यु
जनसभा को संबोधित करते हुुए पूर्व वित्त मंत्री एवं आयोजक कैप्टन अभिमन्यु ने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया कि 25 मई वाले दिन भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करके कांग्रेस उम्मीदवार को बाहर का रास्ता दिखा दें। उन्होंने कहा कि वे अपने मुंह से उसके बारे में कुछ नहीं कहना चाहते लेकिन जनता जानती है कि उसका असली काम क्या है। वास्तव में वह काम नहीं करता बल्कि थपकी ज्यादा मारता है, इसलिए उसकी छवि थपकीमार नेता की है। दूसरी तरफ चौ. रणजीत सिंह है, जिनका केवल काम करने में विश्वास है और जनता की शिकायतों व समस्याओं का समाधान करना ही प्राथमिकता समझते हैं।
पीएम मोदी के नेतृत्व में विदेशों में हमारे देश की साख बढ़ी
भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विदेशों में भी हमारे देश की साख बढ़ी है। कांग्रेस के शासन में जब हमारे विदेश मंत्री विदेश गए तो उनके कपड़े उतरवाकर चैकिंग की गई, काफी शोर मचा लेकिन कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई। दूसरी तरफ अब जब मोदी जी विदेश जाते हैं तो दूसरे देशों के राजनयिक उनका स्वागत करने आते हैं। ऐसे में यह चुनाव केवल मेरा नहीं है, बल्कि नरेन्द्र मोदी व राहुल गांधी के बीच का चुनाव है। हमें तय करना है कि हमें प्रधानमंत्री कैसा चाहिए। उन्होंने जनसभा में उपस्थित जनता सेे अपील की कि 25 मई को अधिक से अधिक मतदान करें, हर वोटर वोट डालने जाएं ताकि हम मतदान का प्रतिशत बढ़ा सकें। मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक विनोद भयााणा, पूर्व सांसद डॉ. डीपी वत्स ने भी संबोधित किया और भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने जिले में पहुंचे पर मुख्यमंत्री नायब सैनी व अन्य नेताओं का स्वागत किया। रैली में उपरोक्त के अलावा सुरेन्द्र पूनिया, जिला प्रभारी जवाहर सैनी, लोकसभा प्रभारी एवं चेयरमैन अमरपाल राणा, लोकसभा संयोजक रवि सैनी कार्यकर्ता व भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


Leave a Reply