कांग्रेस फ्यूज़ बल्ब है इसमें फिर से रोशनी नहीं आएगी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 

कांग्रेस फ्यूज़ बल्ब है इसमें फिर से रोशनी नहीं आएगी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 

शहर में लगभग एक दर्जन कार्यक्रमों में पहुंचे मुख्यमंत्री, रणजीत सिंह के लिए जुटाया समर्थन

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 14 मई (इकबाल सिंह): भाजपा के वरिष्ठ नेता छतरपाल सिंह निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस फ्यूज बल्ब है, अब फिर इसमें रोशनी नहीं आ सकती चाहे जितना मर्जी जोर लगा ले। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर एक अधिकारी व कर्मचारी को आदेश जारी कर रखा है कि वो पहल के आधार पर जनता का काम करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस बारे में यदि  कोई शिकायत हम तक आई तो फिर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 55 साल राज किया और अपने राज में कांग्रेस ने हर गरीब, दलित और कमजोर पर बहुत अत्याचार किये हैं, जबकि मोदी राज में हर वर्ग का चौतरफा विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने संसार में भारत का नाम सभी क्षेत्रों में रोशन किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नारे को सार्थक करते हुए देश की जनता नेे 400 पार के नारे के साथ तीसरी बार मोदी सरकार बनाने की ठान ली है। हरियाणा की बात की जाए तो सभी लोकसभा व करनाल विधानसभा सीट पर जीत तय है। हरियाणा में कांग्रेस कई स्थानों पर तो सम्मानजनक वोटों के लिए ही चुनाव लड़ रही है। उन्होंने पार्टीजनों व समर्थकों से आह्वान किया कि वे एक-एक वोट चौ. रणजीत सिंह को देकर उन्हें सफल बनाएं ताकि हिसार का सांसद नरेन्द्र मोदी के समर्थन में खड़ा हो सके।

इस अवसर पर प्रो. छतरपाल सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हिसार लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रो. छतरपाल सिंह ने बड़ी संख्या में उपस्थिति अपने समर्थकों को रणजीत सिंह की जीत निश्चित करने की अपील की। रणजीत सिंह चौटाला ने प्रो. छरपाल सिंह द्वारा करवाए इस कार्यक्रम को एक नंबर का प्रोग्राम ऐलान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सैनी ने भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह को भारी बहुमत से जिताने की अपील कि। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता उपस्थित थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री सेक्टर-14 में महावीर जांगड़ा, सीमा गैबीपुर, नई अनाज मंडी में नरेश सिंगल, सैनियान मोहल्ला में रवि सैनी, अर्बन इस्टेट में वैभव बिदानी, इंडस्ट्रीयल एरिया में शकुंतला राजलीवाल, मॉडल टाउन एक्सटेंंशन में बलराज चौहान, पीएलए कैमरी रोड में रणधीर पनिहार, कैमरी रोड पर हरिकृष्ण शर्मा और प्रोफेसर कॉलोनी में गगन शर्मा के निवास पर रणजीत सिंह चौटाला के प्रचार के लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.