जिले में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत पात्र नागरिकों को प्लॉट देने के लिए की जाएगी विभागीय समीक्षा : उपायुक्त प्रदीप दहिया 

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 3 जुलाई : उपायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो उस समस्या का समाधान, समाधान शिविर के तहत सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य है। श्री दहिया बुधवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत पात्र नागरिकों को प्लॉट देने के लिए जल्द विभागीय समीक्षा की जाएगी। उपायुक्त ने कर्मचारियों की मृत्यु होने या घायल होने की स्थिति में मुआवजा देने के मामलों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि सरकार द्वारा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समाधान करने के लिए समाधान शिविरों की शुरुआत की गई है। उपायुक्त ने कहा कि विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि जिला स्तर पर कोई भी शिकायत लंबित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उपायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए उससे संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का होना बहुत जरूरी है ताकि समस्या का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके। अगर किसी शिकायत पत्र के साथ संलग्न दस्तावेजों में कमी है तो शिकायतकर्ता से दस्तावेज मांगते हुए समस्या का निवारण किया जाए। इस अवसर पर हिसार पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, हांसी पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद, अतिरिक्त उपायुक्त नीरज, एसडीएम जयवीर यादव, जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी, डीएमसी वीरेंद्र सहारण सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.