रानियां के श्री जीवन नगर नामधारी धाम में डेरा अनुनायियों के बीच चली गोलियां, 6 घायल

पाठकपक्ष न्यूज

सिरसा, 11 अगस्त : हरियाणा के सिरसा जिले के रानियां में श्री जीवन नगर नामधारी धाम में जमीनी विवाद में गोलियां चल गई। इस विवाद में 6 लोगों को गोलियां लगी है जिनको पहले सिरसा बाद में हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। नामधारी सिख समुदाय में दो धाम हैं। एक धाम लुधियाना में श्री भैणी साहब को सतगुरु उदय सिंह संभालते हैं दूसरा धाम रानियां के जीवन नगर में हैं इस डेरे को उदय सिंह के ही भाई ठाकुर दलीप सिंह संभालते हैं। आज सुबह सतगुरु उदय सिंह के अनुयायी डेरा जीवन नगर के साथ वाली 12 एकड़ जमीन पर कब्जा करने के इरादे से आए। यह जमीन श्री जीवन नगर नामधारी धाम के साथ है। दलीप सिंह के अनुयायी मिट्‌ठू सिंह का दावा है इस जमीन पर उसकी मलकीयत है। इसी दौरान दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। सतगुरु उदय सिंह के करीब 250 अनुयायी जमीन पर कब्जा करना चाह रहे थे। इसके बाद अनुनायियों ने डेरे पर धावा बोल दिया। बताया जा रहा कि इस बात को लेकर दोनों डेरा के अनुयायी आमने सामने हो गए और गोलियां चली। इसमें 6 लोगों को गोलियां लगी हैं। पुलिस ने भीड़ को शांत करने के लिए आंसू गैस के गोले तक छोड़े। अभी तक इस मामले में किसी के मरने की सूचना नहीं है। लेकिन 6 लोगों को गोलियां लगी है, जो गंभीर रुप से घायल हैं। 4 लोगों को नागरिक अस्पताल सिरसा से चिकित्सकों ने अग्रोहा मेडिकल रेफर किया है। वहीं, कुछ लोगों का सिरसा के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसपी विक्रांत भूषण भी मौके पर पहुंचे और ​स्थिति को कंट्रोल किया। जीवन नगर एरिया में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.