हरियाणा की उम्मीदों पर कभी भाजपा-कांग्रेस के सांसद खरा नहीं उतरे : दुष्यंत चौटाला

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 20 मई : हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के सांसदों की कार्यप्रणाली और ट्रैक रिकॉर्ड एक जैसा है, क्योंकि दोनों पार्टियों के सांसद कभी हरियाणा की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरे है। चाहे जनता भाजपा और कांग्रेस के सांसदों का ट्रैक रिकॉर्ड खंगाल कर देख सकती है। यह बात पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जेजेपी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने कही। वे जेजेपी प्रत्याशी नैना चौटाला के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान हिसार में 12 क्वार्टर रोड पर उमड़ी भीड़ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संसद में हरियाणा की आवाज को बुलंदी देने के लिए जेजेपी ही सबसे सक्षम है।

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा की जनता ने पिछली बार इस उम्मीद के साथ भाजपा उम्मीदवारों को दिल्ली में सांसद बनाकर भेजा था कि वे संसद में उनकी आवाज बनेंगे, लेकिन सभी सांसद केंद्र की भाजपा सरकार की छवि में ऐसे धूमिल हुए कि संसद में कभी हरियाणा की आवाज सुनाई नहीं दी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सांसदों को पांच साल तक जनता की आंखें ढूंढती रही लेकिन वे कभी लोगों के साथ खड़े दिखाई नहीं दिए। इसी तरह हरियाणा से चुनकर जाने वाले कांग्रेसी सांसदों का भी भाजपा सांसदों जैसा ही रिकॉर्ड रहा है क्योंकि भाजपा पार्टी से जीतने वाले सांसदों की पृष्ठभूमि कांग्रेस की रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में ऐसे कई सांसद रहे है जो पहले कांग्रेस पार्टी से सांसद चुने गए और बदलते माहौल में वही सांसद भाजपा की टिकट से चुनाव लड़कर जनता के सामने दोबारा आ खड़े हुए। 

भाजपा और भूपेंद्र हुड्डा मिलकर लड़ रहे है चुनाव : दिग्विजय

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 20 मई : जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज भाजपा-कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ भूपेंद्र हुड्डा की भीतर खाने सांठगांठ है इसलिए हुड्डा ने भाजपा के साथ मिलकर कांग्रेस के कमजोर उम्मीदवारों को मैदान में उतरवाया है। दिग्विजय ने कहा कि अपने बेटे के मोह में भूपेंद्र हुड्डा ने कई कांग्रेसियों के पत्ता काटने का काम किया है। सोमवार को दिग्विजय सिंह चौटाला बवानीखेड़ा हलके में चुनाव प्रचार के दौरान ग्रामीणों से रूबरू थे। गांव तालू के पूर्व सरपंच अमीर चंद ने अपने समर्थकों सहित भाजपा छोड़कर जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.