गांव चौधरीवाली, आदमपुर, कोहली, खैरमपूर, फ्रांसी, लांधड़ी, किनाला, नारनौंद, माजरा एवं बुढाना में भांग के पौधों को किया गया नष्ट
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 31 मई : माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने भांग के पौधे के व्यापक प्रसार और वृद्धि पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि इन पौधों से नशा तैयार होता है जो युवा पीढ़ी को दीमक की तरह खत्म कर रहा है, इस पर लगाम लगानी बहुत जरूरी है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि माननीय हाई कोर्ट द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशानुसार कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हिसार की टीम ने भांग के पौधों को नष्ट करने का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि भांग के पौधों को जड़ से उखाड़कर उनको नष्ट किया जा रहा है ताकि ये पौधे दोबारा ना उग सके। नष्ट करने की प्रणाली भारत सरकार के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो गृह मंत्रालय द्वारा दी गई है, जिसका उद्देश्य है कि इन पौधों को किसी भी गैरकानूनी एवं अवैध कार्य में न लिया जा सके। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है क्योंकि नशा न केवल आम लोगों को बल्कि खास तौर पर युवाओं को दीमक की तरह खा रहा है। ऐसे में आसानी से उपलब्ध नशे को समाप्त करना बहुत जरूरी है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ राजबीर सिंह ने बताया कि विभागीय टीम ने को गांव चौधरीवाली, आदमपुर, कोहली, खैरमपूर, फ्रांसी, लांधड़ी, किनाला, नारनौंद, माजरा एवं बुढाना में भांग के पौधे नष्ट करवाए गए हैं और यह कार्य पूरे जिले में प्रगति पर है। भांग के पौधों को नष्ट करने के कार्य के साथ-साथ किसानों को भी जागरूक किया जा रहा है कि उनके खेत के आसपास भांग के पौधे हों तो वे उन्हें तुरंत नष्ट करें और ध्यान रखें की ये दोबारा ना फैल पाए।

Leave a Reply