मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना के तहत हांसी हलका में 20 किलोमीटर खेतों के कच्चे रास्ते बनेंगे पक्के

राज्य सरकार ने प्रदान की स्वीकृति, साढ़े 7 करोड़  रुपए की धनराशि होगी खर्च : विनोद भयाना

पाठकपक्ष न्यूज

हांसी, 2 अगस्त : मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना के तहत हांसी हलके में लगभग 20 किलोमीटर खेतों के कच्चे रास्तों को पक्का करवाया जाएगा। विधायक विनोद भयाना शुक्रवार को अपने आवास पर लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत करते हुए बताया कि पिछले दिनों कई गांव के खेतों के कच्चे रास्तों को पक्का करवाने के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था, जिसको अनुमति प्रदान हो गई है। उन्होंने कहा कि अब जल्दी ही सभी स्वीकृत कच्चे रास्तों को पक्का करने का कार्य शुरू करवाया जाएगा ताकि किसानों को पक्के रास्तों की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि इन रास्तों को पक्का करवाने के कार्य पर 7 करोड़ 66 लाख रुपए की धनराशि खर्च होगी। विधायक ने कहा कि हांसी हल्का में किसानों की मांग के अनुरूप खेतों के सभी कच्चे रास्तों को पक्का करवाया जाएगा। इस दिशा में सरकार द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना को लागू करने का उद्देश्य किसानों को खेत से मंडी तक पक्के रास्ते की सुविधा उपलब्ध करवाना है ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। हांसी हल्का में इस योजना के तहत अब तक लगभग 86 किलोमीटर खेतों के कच्चे रास्ते पक्के करवाए जा चुके हैं। अब 20 किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का करवाने की और स्वीकृति  प्राप्त हो गई है। कुल मिलाकर हल्का में 100 किलोमीटर से अधिक कच्चे रास्ते पक्के हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग के अनुरूप जल्द ही कच्चे रास्तों को पक्का करवाने का एक और प्रस्ताव स्वीकृति के लिए सरकार को भिजवाया जाएगा।

विधायक ने हिसार चुंगी पर नवनिर्मित अशोक स्तंभ की प्रतिमूर्ति वाले चौक का किया उद्घाटन व जींद चुंगी पर जेसीआई चौक का किया शिलान्यास

विधायक विनोद भयाना ने कहा कि बीड़ फॉर्म गांव की 17 एकड़ जमीन पर बने कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए जल्द ही 8 करोड़ की लागत से कूड़ा करकट निस्तारण प्लांट स्थापित करवाया जाएगा। श्री भयाना ने यह बात वीरवार को शहर में हिसार चुंगी पर नवनिर्मित अशोक स्तंभ की प्रति आकृति वाले चौक का उद्घाटन करने के उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कूड़ा करकट निस्तारण प्लांट स्थापित करवाने के लिए नगर परिषद द्वारा टेंडर आमंत्रित कर लिए गए हैं। टेंडर अलॉटमेंट की प्रक्रिया जल्द पूरी करवा कर आगामी दिसंबर माह तक बीड़ फॉर्म की 17 एकड़ जमीन को कूड़ा करकट मुक्त करवा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.