हांसी के वार्ड नंबर 5 व 7 के निवासी सीवर लाइन समस्या को लेकर कनिष्ठ अभियंता से मिले

पाठकपक्ष न्यूज

हांसी, 27 मई : मोहल्ला काला पत्थर एवं मोहल्ला धानकान वार्ड नंबर 5 और 7 की महिलाएं आज पार्षद नितेश शर्मा के साथ एकत्रित होकर जन स्वास्थ्य विभाग हांसी के कार्यालय में पहुंची और कनिष्ठ अभियंता विक्रम के आगे अपने मोहल्ले में सीवर लाइन न होने की समस्या उनके समक्ष रखी। महिलाओं ने कनिष्ठ अभियंता को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि शासन प्रशासन दावा करता है कि हर घर शौचालय होना चाहिए, मगर हमारे मोहल्ले में न ही सीवर लाइन है ना शौचालय है, जिसके कारण बहन बेटियों को शौच के लिए इधर-उधर खुले में भटकना पड़ता है, जिन में गर्भवती महिलाएं भी शामिल है। अपनी स्थिति बताते हुए कई महिलाएं बिलख-बिलख के रोने भी लगी एक महिला ने कहा कि मेरी तीन बेटियां है जो कि शादीशुदा हैं। सीवर व्यवस्था न होने के कारण पिछले 3 वर्षों से मेरी बेटी मेरे घर पर नहीं आई हैं। एक उम्रदराज महिला ने तो यह तक कह दिया की मेरी पोती जब शौच के लिए खुले में कहीं जाती है तो मुझे उसके साथ-साथ जाना पड़ता है और बहुत डर लगता है। कई बार तो लाइट भी नहीं होती हम सभी पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के लोग हैं और नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कनिष्ठ अभियंता विक्रम ने महिलाओं की समस्या सुनकर उन्हें यह विश्वास दिलाया कि शासन प्रशासन जनहित में नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध है। जल्द ही आपके मोहल्ले की समस्या का प्राथमिकता पर समाधान करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.