हिसार में हल्की बारिश के बाद गर्मी से राहत, धीमे हुए पारे के तेवर, 30 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चलीं हवाएं

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 1 जून : नौतपा के आठवें दिन बारिश राहत लेकर आई। दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक मौसम ने अपना मिजाज बदला और बादल छा गए। थोड़ी देर बाद बारिश शुरू हो गई। हालांकि हल्की बारिश करीब 20 मिनट हुई लेकिन गर्मी से राहत जरूर मिली। पारा भी 43 डिग्री पर दर्ज किया गया। पिछले कई दिनों से गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल किया था। शनिवार को हुई बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बता दें कि मौसम विभाग ने हरियाणा के 9 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया था। रादौर, थानेसर, पेहोवा, शाहाबाद, अंबाला, बराडा, जगाधरी, छछरौली, नारायणगढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई थी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिसार में बारिश हुई। उधर, पंजाब में भी पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब में बारिश व तेज हवाएं चलने की संभावनाएं हैं। इसी बीच हरियाणा का सिरसा लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी देश में सबसे गर्म रहा। यहां ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मैनुअल स्टेशन पर यह 47.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 3 जून तक मौसम में परिवर्तन जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.