नववर्ष के अवसर पर राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल हांसी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं व बच्चों को नशें से बचाने व जागरूक करने के लिए एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति एडवाइजरी कमेटी के सदस्य अभय राम अहलान व समाज कल्याण विभाग से धर्मवीर पानू ने शिरकत की। मुख्यातिथिओं ने राष्ट्रीय स्वयं सेवको को नशें के दुष्परिणामों एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। वही मुख्य वक्ता के रूप मे नशा मुक्त भारत अभियान के मास्टर वालंटियर व काउंसलर राहुल शर्मा ने बच्चों को नशें के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि हमारे देश और प्रदेश में नशीले पदार्थों का सेवन एक उच्च जोखिम वाले नतीजे के रूप में सामने आई है। नशें की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार बहुत अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत देश के 272 जिलों में जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है, जिससे युवा जागरूक होकर नशा भी छोड़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं को जागरूक करते हुए बताया कि कई बार युवा गलत संगत, जिज्ञासा, पैसे की अधिकता, आनंद, निराशा, नशा की उपलब्धता और कई बार दबाव के कारण नशा करना सीख जाता है, जिससे उसकी शारीरिक, आर्थिक, मानसिक नुकसान तो होता ही है वही समाज में भी अपनी इज्जत खो देता है। जो व्यक्ति नशा करता है उसके लक्षण भी अलग से दिखाई देने लगते हैं। जैसे कि जुबान लडख़ड़ाना, चिड़चिड़ापन, चलने में कठिनाई, कपड़ों या सांस में असामान्य गंद का आना, बार-बार नाक को रगडऩा या जबड़े को आगे पीछे करना, चेहरे पर पीले पान के साथ घबराहट दिखाई देना, बिना खाए या सोए अधिक समय तक भूखे रहना, तालमेल की कमी होना, वजन घटना आदि इस प्रकार के अनेक लक्षण दिखाई देने लग जाते हैं, जिससे व्यक्ति को अनेक बीमारियां भी हो जाती है। यदि किसी भी प्रकार के व्यक्ति में नशा के कारण इस प्रकार के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उनका उपचार नशा मुक्ति केंद्र में करवाए, क्योंकि काउंसलिंग, उपचार, और जागरूकता से नशा छोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस हांसी ने सडक़ सुरक्षा के नियमों के बारे में बच्चों को जागरूक किया। प्रधानाचार्य राजेश भड़ाना ने राष्ट्रीय स्वयं सेवकों को नशा न करने की शपथ दिलवाई और अन्य व्यक्तियों से भी नशा छुड़वाने में सहयोग करने का आह्वान किया। इस मोके पर एनएसएस इंचार्ज संजय कुमार, एएसआई राजेश कुमार सहित अनेक अधिकारी व प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन (01 डीआईपीआरओ फोटो 01 से 03) : कार्यक्रम में बच्चों को जागरूक करते अधिकारीगण।
Leave a Reply