चुनाव में कांग्रेस के श्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद से कार्यकर्ताओं में उत्साह : लाल बहादुर खोवाल

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 29 मई : देशभर में लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद सभी 4 जून के परिणाम पर नजर लगाए हुए हैं। इन चुनावों की समीक्षा करते हुए हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस के श्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भाजपा दस वर्षों के दौरान अच्छे दिनों की बात करती रही है लेकिन भाजपा के सत्ता से बाहर होते ही सही मायने में देश में अच्छे दिन आएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने हाल ही में रैली के दौरान स्पष्ट किया है कि भाजपा के पास चंद दिन बचे हैं और देश को भाजपा से मुक्ति मिलने वाली है। एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने अपने वक्तव्यों में स्पष्ट कर दिया है कि चार जून से युवाओं के जीवन में एक नई शुरूआत होगी क्योंकि केंद्र में इंडिया समूह की सरकार बनेगी और हाथ देश के हालात बदलेगा।  खोवाल ने कहा कि इसी भांति अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने भी कांग्रेस के विजन को स्पष्ट किया है। कुमारी सैलजा का कहना है कि हरियाणा व देशभर में कांग्रेस की लहर है और कांग्रेस जनता के न्याय की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस हिस्सेदारी न्याय, युवा, नारी, किसान, श्रमिक, संवैधानिक, आर्थिक व राज्य न्याय सहित जनता के हर तरह के न्याय की पैरवी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.