भाजपा ने दिया केवल बेरोजगारी को बढ़ावा, नहीं किया कोई विकास : जेपी

नारनौंद हलके का किया दौरा, कहा-अब जनता बदलाव के मूड में

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 21 मई : हिसार लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जयप्रकाश ने आज नारनौंद हलके के गांवों का दौरा किया। जयप्रकाश ने अपने चुनावी दौरे की शुरुआत गांव खांड़ा खेड़ी से की। इसके बाद जामनी खेड़ा, धर्मखेड़ा, उगालन, खेड़ा रंगड़ान और मोहला सहित अनेक गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। जयप्रकाश ने गांव उगालन में जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में हर वर्ग दुखी और परेशान है। भाजपा ने पिछले 10 सालों में विकास के नाम पर एक भी ईंट नहीं लगाई उल्टा बेरोजगारी को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा प्रदेश को अपराध में नंबर वन बना दिया है। महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच गई है। कोई भी वर्ग ऐसा नहीं बचा जिसे भाजपा सरकार ने प्रताडि़त न किया हो। भाजपा की गलत नीतियों और हरियाणावासियों पर तरह-तरह के जुल्म के खिलाफ बदला लेने का समय आ गया है। इस मौके पर बीजेपी-जेजेपी छोडकर दर्जनों लोगों ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। पार्टी में आने वाले नए साथियों का स्वागत करते हुए जयप्रकाश ने कहा कि पार्टी में कोई छोटा बड़ा नहीं है हर कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व विधायक रामभगत शर्मा, कांग्रेस पार्टी के युवा नेता जस्सी पेटवाड़, डीके चौधरी,  कुलवंत मोर, नरेंद्र हुड्डा, जय भगवान, मास्टर रमेश सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.