रोहतक, 12 फरवरी : उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं एवं लड़कियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए वचनबद्ध है, इसलिए हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से शिक्षा ऋण योजना लागू की गई है ताकि महिलाएं एवं लड़कियां उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।
अजय कुमार ने बताया कि आमतौर पर सीमित साधनों, अत्यधिक फीस व बैंकों के शिक्षा ऋण पर ब्याज के भार के कारण वह उच्च शिक्षा (जैसे व्यावसायिक/तकनीकी डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर व चिकित्सा संबंधी इत्यादि) प्राप्त करने से वंचित रह जाती हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा ऋण के भार को कम करने के उद्देश्य से इस योजना के तहत शिक्षा ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज दर पर सब्सिडी प्रदान की जाती है। उदाहरण के तौर पर अगर बैंक 9.50 प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण प्रदान करता है तो निगम द्वारा 5 प्रतिशत ब्याज दर के रूप में सब्सिडी दी जाएगी तथा लाभार्थी को केवल 4.50 प्रतिशत ब्याज के रूप में वहन करना पड़ेगा। हरियाणा राज्य की स्थायी निवासी लडक़ी/महिला एवं हरियाणा सरकार में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों की लड़कियां / महिलाएं जो देश और विदेश में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं, लाभ प्राप्त करने की पात्र हैं।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि शिक्षा ऋण बैंक द्वारा बैंक की शिक्षा ऋण स्कीम के अनुसार ही प्रदान किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत आवेदन प्रपत्र के साथ, बैंक का स्वीकृति पत्र, शैक्षणिक संस्था का पत्र, हरियाणा राज्य का स्थायी प्रमाण पत्र, हरियाणा सरकार में कार्यरत कर्मचारियों का पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा बैंक स्टेटमेंट का विवरण आवश्यक है। हरियाणा के बाहर अस्थाई रूप से रहने वाले हरियाणा के कर्मचारियों की महिलाएं/लड़कियां यदि ऋण लेने की इच्छुक हैं तो वह बैंक से ऋण लेकर नजदीकी जिला प्रबंधक कार्यालय में अपना केस भेज सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अधिक जानकारी के लिए हरियाणा महिला विकास निगम की वेवसाइट http://www.hwdcl.org पर देख सकते हैं।
0 0 0 0 0 0 00 0
पोषण जागृति पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ :-
रोहतक, 12 फरवरी : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी कुमारी दीपिका सैनी की अध्यक्षता में पोषण जागृति पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त अजय कुमार की अध्यक्षता में यह पोषण जागृति पखवाड़ा 12 से 29 फरवरी तक जिला के प्रत्येक गांव में मनाया जाएगा। आज आंगनबाड़ी वर्करों द्वारा पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी में भाग लिया गया।
उन्नयन समिति में परियोजना अधिकारी श्रीमती अल्पना, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्रीमती रेखा व श्रीमती कविता द्वारा बाजरा व रागी का चिल्ला, बाजरे व तिल के लड्डू, सब्जियों से युक्त पौष्टिक इडली, नारियल की चटनी आदि व्यंजन बनाए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उन व्यंजनों से मिलने वाली पौष्टिकता के बारे में जागरूक किया गया, जिससे वह आंगनबाड़ी में आने वाली माताओं को पौष्टिक व्यंजनों के बारे में जागरूक कर सके। जिला की प्रत्येक आंगनबाड़ी में आने वाले प्रत्येक बच्चे का वजन व कद मापा जाएगा तथा पोषण जागृति पखवाड़ा के अंतर्गत पोषण रैली, योगा, स्वास्थ्य जांच, पौध रोपण, प्रभात फेरी, पोषण मेला, महिला गोष्ठी, नुक्कड़ नाटक आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें। इस कार्यक्रम में जिला पोषण समन्वयक श्रीमती निहारिका गोमट, सुपरवाइजर श्रीमती सोनिया और ब्लॉक कोर्डिनेटर नवीन व आंगनवाड़ी वर्कर उपस्थित थी।
फोटो : 15
0 0 0 0 0 0 0 0 0 0
जिला स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं का आयोजन :-
रोहतक, 12 फरवरी : स्थानीय सेक्टर 14 स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला के तत्वाधान में जिला स्तरीय प्रतिभा खोज के अंर्तगत विभिन्न प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया, जिसमें खंड स्तर से कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 के प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों ने जिला स्तर के प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओ में भाग लिया। इनमें मुख्य रूप से संगीत गायन, लोक नृत्य, दृश्य कला (पेंटिंग) और लोक समूह गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओ में कुल 15 विद्यार्थियों ने कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 के कुल 32 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ सरस्वती देवी के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता में श्रीमती मंजू, श्रीमती रजनी, डॉ. महिमा, श्रीमती गीता, श्रीमती रेखा रानी, श्रीमती लता रानी, श्रीमती इशु हुड्डा, श्रीमती गीतांजलि आदि ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती रेणु खत्री ने सभी विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओ में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया और इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रतिभागिता-प्रमाण पत्र प्रदान गए। जिला परियोजना समन्वयक रेनू खत्री द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रोग्राम नोडल अधिकारी राजेश मलिक एपीसी, अरविंद खोखर एपीसी, मनोज सुहाग एपीसी और यश गोयल प्राध्यापक कॉमर्स राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल लाखन माजरा व उनकी पूरी टीम को इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।
लड़कियों की उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण योजना लागू :- उपायुक्त अजय कुमार

Leave a Reply