गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार

फरवरी 12, 2024

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों ने रोजगार के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है।  विभाग के 10 विद्यार्थियों ने एक साथ देश की प्रतिष्ठित कंपनी में लगभग 10 लाख रूपये वार्षिक पैकेज के साथ नौकरी हासिल की है।  विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने सोमवार को प्लेसमैंट पाने वाले विद्यार्थियों से मुलाकात की।  इस अवसर पर विभाग के अध्यक्ष प्रो. पंकज तिवारी, प्लेसमैंट निदेशक डा. प्रताप सिंह, सहायक निदेशक डा. आदित्यवीर सिंह तथा विभाग के ट्रेनिंग प्लेसमैंट कोर्डिनेटर डा. बिजेन्द्र कौशिक उपस्थित रहे। 

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा ग्रहण करने का मूल उद्देश्य जिम्मेदार व संस्कारी नागरिक बनने के साथ-साथ प्रतिष्ठित रोजगार पाना भी है।  विभाग द्वारा दी गई शिक्षा व प्रशिक्षण तथा व्यक्तिगत लगन व कौशल के चलते विद्यार्थियों ने इस गौरवपूर्ण प्लेसमैंट को हासिल किया है।  इससे अन्य विभागों के विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।  कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने चयनित विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी तथा कहा कि ये अभी उनके जीवन की शुरुआत है।  वे समर्पण के साथ काम करते रहें।  सफलता और बड़ी मिलती रहेगी। 

विभागाध्यक्ष प्रो. पंकज तिवारी ने बताया कि इन विद्यार्थियों को अमूल फेड डेयरी, गांधी नगर में प्रोडक्शन इंजीनियर के पद पर प्लेसमैंट मिली है।  प्रशिक्षण अवधि पूरी होने के बाद इन विद्यार्थियों को 9.5 लाख रुपये वार्षिक का आरंभ से ही पैकेज मिलेगा।  उन्होंने बताया कि यह कंपनी फ्लेक्सोग्राफी एंड ग्रेवेर प्रिंटिंग के क्षेत्र में भी काम करती है।  विद्यार्थियों का चयन ऑनलाइन टेस्ट तथा साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद हुआ है।  प्लेसमैंट प्रक्रिया का संचालन कंपनी के एचआर हैड समीर मोदी की देखरेख में हुआ। कंपनी के एचआर हैड समीर मोदी ने प्लेसमैंट प्रक्रिया के दौरान कहा कि वे पांच या छह विद्यार्थियों का चयन करना चाहते थे, लेकिन विद्यार्थियों के कौशल को देखते हुए उन्होंने यह संख्या 10 तक बढ़ा दी।

ट्रेनिंग प्लेसमैंट कोर्डिनेटर डा. बिजेन्द्र कौशिक ने बताया कि प्लेसमैंट प्रक्रिया में शामिल 24 विद्यार्थियों में से 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया है।  चयनित विद्यार्थियों में कुनाल, याशी गुप्ता, रवि, मोहित, अंकुर किरोरी, अंकित कुमार, निधि अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह, आनवी कपूर व चंदन शामिल हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published.