पर्याप्त पेयजल, बिजली आपूर्ति, खाद व बीज के लिए जूझ रहे ग्रामीण : अशोक मंगालीवाला

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक मंगालीवाला ने कहा, जनता को हर हाल में मिलनी चाहिए मूलभूत सुविधाए

हिसार, 10 मार्च : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व जनसेवक अशोक मंगालीवाला ने विभिन्न गांवों का दौरा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जनता भ्रष्टाचार, महंगाई व बेरोजगारी जैसी समस्याओं से बुरी तरह त्रस्त है। भाई-भतीजावाद के चलते आम आदमी के काम नहीं होते और निरंतर बढ़ती महंगाई के कारण रसोई के लिए राशन तक खरीदना दूभर हो गया है। इसके साथ-साथ पढ़े-लिखे, मेहनती व योग्य बेरोजगार युवाओं की तादाद बढ़ती जा रही है। यह बड़ी चिंतनीय स्थिति है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को हल करना केंद्र व राज्य सरकार का दायित्व है लेकिन सरकार तो आंखें मूंदे बैठी है और राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।

मंगालीवाला ने कहा कि ग्रामीणों से मुलाकात करने के बाद स्पष्ट हो गया कि अधिकतर गांवों में न तो पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध होता है और न ही खेती योग्य पानी समुचित रूप से मिल पाता है। बिजली आपूर्ति भी सुचारू ढंग से नहीं होती। महंगाई के चलते खाद व बीज खरीदना भी किसानों के लिए मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी विकट स्थिति में किसान कैसे खेती करेगा और कैसे अपने परिवार का पालन-पोषण करेगा।

अशोक मंगालीवाला ने कहा कि गरीब, मजदूर, किसान, व्यापारी, नौकरीपेशा व महिलाओं सहित तमाम वर्गों की बेहतरी के लिए उनके पास योजनाएं हैं। बहुत सी योजनाएं तो वर्तमान समय में अपने स्तर पर क्रियान्वित भी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनहित के लिए कई सेवा प्रकल्प भी संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने विश्वास जताया तो पढ़ाई के लिए उच्च शिक्षा की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए पूरे हिसार लोकसभा क्षेत्र में ऐसे क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे जो 24 घंटे एमरजेंसी सेवाओं के लिए उपलब्ध होंगे। गांवों में गोबर के उचित निस्तारण के लिए बाकायदा गोबर खरीदकर उससे कुकिंग गैस बनाकर मात्र 200 रुपये में गैस उपलब्ध करवाई जाएगी। बेसहारा व विधवा माताओं-बहनों को निशुल्क चरखा उपलब्ध करवाया जाएगा। चरखे से बने धागे को खरीदने की व्यवस्था भी की जाएगी। मंगालीवाला ने बताया कि किसानों के लिए भी बहुत ही पुख्ता योजना है। इसके तहत ऐसी हवाई व्यवस्था करवाई जाएगी कि किसान भाई अपनी हरी सब्जियां गल्फ देशों में आसानी से बेच पाएंगे। पब्लिक शौचालयों का सौंदर्यीकरण करवाने की भी सशक्त योजना है। उन्होंने बताया कि अब भी अपने स्तर पर कई शौचालयों का पुनरुद्धार करवाया गया है।  ं

Leave a Reply

Your email address will not be published.