अग्रोहा धाम टीलें की खुदाई में महाराजा अग्रसेन जी की 5100 वर्ष से ज्यादा पुरानी यादगार चीजें मिलेंगी : बजरंग गर्ग

हिसार, 10 मार्च : अग्रोहा धाम वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की एक आवश्यक बैठक अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में अग्रोहा व अग्रोहा धाम के विकास के लिए विचार विमर्श किया गया। बजरंग गर्ग ने अग्रोहा धाम टीलें का निरीक्षण करने के उपरांत संबोधित करते हुए कहा कि अग्रोहा धाम टीलें की खुदाई का काम सरकार द्वारा 11 मार्च को शुरू किया जाएगा। श्री गर्ग ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जी का महल जो 125 एकड़ में बना हुआ था, वो अब टीलें के रूप में बदल चुका है। टीलें की खुदाई का काम शुरू करना केंद्र व प्रदेश सरकार का अच्छा निर्णय है।  टीलें की खुदाई करवाने की घोषणा अग्रोहा धाम के वार्षिक मेले में सरकार द्वारा की गई थी। अग्रोहा धाम टीलें की खुदाई में महाराजा अग्रसेन जी की 5100 वर्ष से ज्यादा पुरानी यादगार चीजें मिलेगी क्योंकि अंग्रेजों के शासनकाल में दो बार पहले टीलें की कुछ खुदाई की गई थी और उस समय टीलें की खुदाई में चांदी के सिक्के, लोहे-तांबे का सामान, अनेकों मूर्ति, मोहरे, मोती आदि सामग्री मिली थी। खुदाई में उस समय लगभग 7000 कलाकृतियां भी मिली थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने समाज के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अग्रोहा धाम वैश्य समाज के जिला प्रधान एनके गोयल, युवा प्रधान अनिल सिंगला मंगाली वाले, निर्माण समिति सदस्य ऋषि राज गर्ग, राष्ट्रीय युवा संयोजक अनंत अग्रवाल, प्रेम गोयल, संदीप कुमार, हरीश शर्मा आदि प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.