उकलाना हलके के विभिन्न गांवों में जयप्रकाश ने जनसभाओं को किया संबोधित
पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 8 मई : इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जयप्रकाश ने हलका उकलाना के विभिन्न गांवों का दौरा किया। गांव-गांव पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। गांव बधावड़, ढाड, खरकपुनिया, बयाना खेड़ा, पनिहारी, ज्ञानपुरा, सरसाना, भाड़ा खेड़ा, सोथा, संदलाना, छान (खाना), बनभौरी, मतलोडा, सरहेड़ा, खरकड़ा, बोबुआ, कुम्भा खेड़ा, हसनगढ़, लितानी, कल्लरभेनी, गेबीपुर में भारी जनसमूह को संबोधित किया। खरकपुनिया में जयप्रकाश ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रजातंत्र और संविधान पूरी तरह से खतरे में है। देशभर में कांग्रेस को एकता और सहयोग की जरूरत है। देशभर में भाजपा द्वारा प्रजातंत्र का गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई अकेले जयप्रकाश या कांग्रसे की नहीं है ये लड़ाई खेती-किसानी और देश को बचाने की लड़ाई है। 4 जून को नतीजे आने के बाद केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनहित के कार्यों की झड़ी लग जाएगी। खरकपुनिया के लोगों ने जयप्रकाश का भव्य स्वागत किया और सभी वर्गों के लोगों ने पगड़ी पहनाकर उनको सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सर्वे करवाकर हिसार सीट से जीताऊ उम्मीदवार जयप्रकाश को उतारा है। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश पहले भी तीन बार सांसद रहते हुए आपके बीच में रहे हैं। उन्होंने दावे के साथ कहा कि जयप्रकाश की जीत तो हो चुकी है अब तो ये देखना है कि कौन से हलके से उन्हें सबसे ज्यादा लीड मिलती है। इस अवसर पर उनके साथ अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply