हिसार, 30 अप्रैल (इकबाल सिंह उप्पल) : चौधरी देवीलाल की सोच का असली वारिस मैं हूं। हिसार में यह तीन लोग जो इलेक्शन लड़ रहे हैं वह तो सिर्फ देवीलाल परिवार के सदस्य मात्र हैं। यह दावा आज इंडिया गठबंधन के हिसार से उम्मीदवार व कांग्रेस के सीनियर नेता जयप्रकाश ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने कहा कि देवी लाल के साथ युवा उम्र में उन्होंने जनता पार्टी के समय उनके साथ बहुत काम किया और देवीलाल की सोच को बहुत आगे तक बढ़ाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसानों के साथ बहुत ही घक्केशाही की है। उन्होंने कहा कि किसानों की कोई पार्टी नहीं होती और कोई जात नहीं होती। किसानों के अपने ही संगठन हैं। भजनलाल के खिलाफ मनोहर लाल की टिप्पणी के सवाल पर जयप्रकाश ने कहा कि आदमपुर की जनता कभी भी भजनलाल का अपमान करने वालों का साथ नहीं देगी और वोट से उसका जवाब देगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुलदीप बिश्नोई जो मर्जी कहें उसका कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि जीतता सिर्फ वह है जिसे जनता चाहती है। इस अवसर पर उन्होंने दावा किया कि इस बार मनोहर लाल खट्टर भी इलेक्शन नहीं जीत पाएंगे। उनके खिलाफ जो हमारा युवा उम्मीदवार खड़ा हुआ है उसका लोगों द्वारा भव्य स्वागत और समर्थन किया जा रहा है। इस अवसर जयप्रकाश ने कहा कि चौधरी बीरेंद्र सिंह से उनकी बात हो गई है और उनकी तरफ से उन्हें भरपूर सहयोग करने का आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार देश में बनना तय है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी सब जुमले हैं। पहले भी न किसी के खाते में 15 लाख रुपए आए और न ही 2 करोड़ युवाओं को एक साल में सरकारी नौकरियां दी गई। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता दलबीर सिंह किरमारा ने कहा की हमारा एक-एक वर्कर इंडिया गठबंधन के लिए काम कर रहा है। सीपीएम के जिला सचिव दिनेश सिवाच ने कहा कि हमारी पूरी पार्टी गठबंधन के समर्पित है और जयप्रकाश की जीत पक्की है। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बजरंग दास गर्ग, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन राजेन्द्र सूरा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता छतरपाल सोनी, हिसार कमेटी के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण टीटू, युवा नेता कृष्ण सिंगला, सूबे सिंह आर्य आदि मौजूद रहे।
देवीलाल की सोच का असली वारिस मैं खुद हूं : जय प्रकाश

Leave a Reply