कांग्रेस ने लगा रखे थे भ्रष्टाचार के उद्योग, भाजपा ने लगाई रोक : मनोहर लाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने बरवाला कपास मंडी में विजय संकल्प रैली को किया संबोधित

हिसार, 12 अप्रैल : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के बड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने समय में भ्रष्टाचार के उद्योग लगा रखे थे, जिन्हें भाजपा सरकार ने बंद करके जनता की आशाओं के अनुरूप शासन दिया है।

मनोहर लाल शुक्रवार को बरवाला कपास मंडी में पार्टी की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जनता ने भ्रष्टाचार का दंश व मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेला है। वर्ष 2014 में केन्द्र व प्रदेश में सत्ता संभालने के बाद भाजपा ने जहां भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई, वहीं जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बात करें तो हर घर जल, हर घर कनेक्शन, हर घर रसोई गैस सिलेंडर देने का हमारा प्रयास सिरे चढ़ा और प्रदेश की जनता हमारी सरकार की नीतियों से संतुष्ट है। उन्होंने मंच पर मौजूद लोकसभा प्रत्याशी रणजीत सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार के प्रयासों व रणजीत सिंह के नेतृत्व में काम करते हुए बिजली निगम राज्य के 5800 गांवों में 24 घंटे बिजली दे रहा है, जो एक रिकॉर्ड है।

इस अवसर पर लोकसभा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता केवल भारत में ही नहीं बल्कि विश्व के हर देश में है। उनके नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने 10 वर्षों में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनकी बदौलत भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने जनता से वोटों की अपील करते हुए कहा कि हिसार से उन्हें जीत दिलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 400 पार के नारे को पूरा करने में अपना योगदान दें।

राज्यसभा सांसद सुुभाष बराला ने रैली को संबोधित करते हुए केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनवाई। उन्होंने पूर्व सांसद बिरेन्द्र सिंह व बृजेन्द्र सिंह पर निशाना साधते हुए कह कि इन दोनों ने भाजपा को धोखा दिया है, जनता उन्हें सबक सिखाएगी।

भाजपा लोकसभा मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि रैली में उपरोक्त के अलावा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता व विधायक विनोद भ्याना ने भी अपने विचार रखे। रैली में बरवाला नगर परिषद चैयरमैन रमेश सरदाना, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला अध्यक्ष डॉक्टर आशा खेदड़, प्रदेश सचिव कैप्टन भूपेंद्र, हिसार लोकसभा प्रभारी अमरपाल राणा, सह प्रभारी रवि सैनी, वरिष्ठ नेता श्रीनिवास गोयल, पूर्व विधायक वेद नारंग, जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू व चेयरमैन नरेश जांगड़ा सहित अनेक वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.