हिसार मडंल पुलिस ने 27 नशा तस्करों की चार करोड़ से भी अधिक मूल्य की संपत्ति को किया जब्त : एडीजीपी

हिसार मडंल पुलिस ने 27 नशा तस्करों की चार करोड़ से भी अधिक मूल्य की संपत्ति को किया जब्त : एडीजीपी

नशा तस्करी के 204 आपराधिक मामलों में 293 तस्करों को किया गया है गिरफ्तार

हिसार, 10 अप्रैल : हिसार मंडल पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस दिशा में अब तक मंडल पुलिस द्वारा 27 नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करके उनकी चार करोड़ से अधिक की संपत्ति को जब्त कर लिया गया है या उनकी चल-अचल सम्पत्ति को फ्रीज करने के आदेश पारित किए गए है। इनमें सबसे अधिक जिला फतेहाबाद के 22 नशा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। इन नशा तस्करों की रिहायशी व कृषि योग्य भूमि के साथ-साथ अन्य चल संपत्ति को फ्रीज/जब्त किया जा चुका है, जिसका मूल्य दो करोड़ 69 लाख के करीब है। जबकि पुलिस जिला डबवाली के पांच कुख्यात नशा तस्करों की एक करोड़ 40 लाख से भी अधिक मूल्य की चल- अचल संपत्ति को जब्त किया जा चुका है।

हिसार मंडल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ एम. रवि किरण ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस विभाग मंडल में बढ़ रहे नशे के प्रचलन को रोकने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है। यदि कोई व्यक्ति नशा बेचने या रखने का दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस संबंधित अभियोग सख्त कार्यवाही करेगी। इस वर्ष हिसार मंडल पुलिस ने अब तक नशा तस्करी के 204 आपराधिक मामले दर्ज किए है और 293 लोगों को नशा बेचने के अपराध में गिरफ्तार किया है। सबसे अधिक नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाही सिरसा जिला पुलिस द्वारा की गई है  जिन्होंने नशा तस्करी के 87 मामले दर्ज करके 123 नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा है। इसके बाद पुलिस जिला डबवाली द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ 49 मामले दर्ज किए है और 70 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि जिला फतेहाबाद में नशा तस्करों के खिलाफ 30 मामले दर्ज करके 47 नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे डाला जा चुका है। हिसार जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ 19 मामले दर्ज करके 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि जींद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ 16 मामले दर्ज किये जा चुके है और 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जिला हांसी ने नशा तस्करों के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए है और पांच आरोपियों की गिरफ्तार किया है।

एडीजीपी डॉ एम. रवि किरण ने बताया कि मंडल पुलिस ने पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत 17 मामले दर्ज करके 16 आदतन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनमें सबसे अधिक 10 मामले फतेहाबाद पुलिस द्वारा दर्ज करके नौ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सिरसा पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ दो मामले दर्ज करके दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि पुलिस जिला हांसी ने तीन मामले दर्ज करके तीन नशा तस्कर गिरफ्तार किये हैं। पुलिस जिला डबवाली और जींद पुलिस द्वारा पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक-एक मामले दर्ज करके एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि मंडल पुलिस न सिर्फ नशा तस्करों की धरपकड़ कर रही है इसके साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को नशा मुक्त करने की दिशा में भी कार्य कर रही है। इसके लिए ग्रामीण व वार्ड स्तर पर विशेष जागरूकता व नशा मुक्ति शिविर लगाए जा रहे है। अब तक हिसार मंडल में ऐसे 1096 जागरूकता शिविर व 121 नशा मुक्ति शिविर लगाए जा चुके है। इन शिविरों में 2806 नशा ग्रस्त युवकों ने भाग लिया, जबकि 3700 नशा ग्रस्त लोगों की काउंसलिंग की गई है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से 2256 नशा लेने वाले लोगों का उपचार चल रहा है और इनमें से 662 नशा छोडऩे का प्रण ले चुके है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published.