प्रदेश की सभी 10 सीटों पर खिलेगा कमल : पीयूष महता

प्रदेश की सभी 10 सीटों पर खिलेगा कमल : पीयूष महता

सहकारिता प्रकोष्ठ के सहसंयोजक बोले : बिना पर्ची-बिना खर्ची से युवाओं के चयन की पूरे प्रदेश में चर्चा

हिसार, 20 मार्च : भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक पीयूष महता ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में 2019 के इतिहास को दोहराते इस बार भी सभी 10 लोकसभा सीटों पर विजय हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को भाजपा की नीतियों पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर पूरा देश विश्वास कर रहा है। इसी गारंटी से देश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।  महता ने कहा कि प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण, कमजोर वर्ग के लिए लाभार्थीपरक योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर बैठे लोगों का हित कर रही है। कमजोर व वंचितों को समाज की मुख्य धारा में जोडऩे का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज पूरे विश्व ने भारत की ताकत का लोहा माना है। प्रदेश सह संयोजक ने कहा कि  इस चुनाव में भाजपा 400 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी और हरियाणा की सभी 10 सीटों पर कमल खिलेगा।  उन्होंने कहा कि पार्टी ने अभी तक हरियाणा प्रदेश के जिन 6 प्रत्याशियों की घोषणा की है, वे सभी प्रत्याशी राजनीति का काफी अनुभव रखते हैं और बाकी चार सीटों पर भी पार्टी मजबूत और अनुभवी प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी।

पीयूष महता ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और नीति से प्रदेश की जनता काफी खुश है। प्रदेश के हजारों युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के नौकरी में चयन से प्रदेश की जनता में और ज्यादा विश्वास बढ़ा है। हजारों युवाओं के चयन में अनेक युवा तो ऐसे हैं जो अपनी दो-तीन पीढिय़ों में पहली बार परिवार का कोई सदस्य सरकारी सेवा में शामिल हुआ हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में आम व्यक्ति के लिए नौकरी तो एक सपना मात्र बनकर रह गई थी। योग्य युवाओं को भी सफेदपोशों की ओर देखना पड़ता था। भाजपा सरकार ने इस प्रथा को न केवल समाप्त किया बल्कि युवाओं में यह संदेश भी दिया कि मेहनत करने वालों का हक उन्हें अवश्य मिलेगा। इसी का परिणाम है कि हजारों युवाओं का मेरिट के आधार पर  चयन हुआ है। युवाओं के चयन की जहां पूरे प्रदेश में चर्चा है, वहीं दबी जुबान में विपक्षी भी सरकार की सराहना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच थी हर पात्र व्यक्ति व युवा को उसका हक मिले, इसी नीति पर काम करते हुए मनोहर सरकार ने युवाओं को रोजगार व पात्र व्यक्ति को उसका हक देने का काम किया। इसी नीति को नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। पीयूष महता ने कहा कि सरकार की नीति और नीयत से खुश प्रदेश की जनता भाजपा के पक्ष में खुलकर मतदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.