ट्रांसपोर्ट संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के लिए मांगा दस दिन का समय
हिसार, 16 अप्रैल (इकबाल सिंह उप्पल): हरियाणा में निजी स्कूल वाहनों की चेकिंग और मोटे चालान काटने के विरोध में आज हरियाणा भर में लगभग 10 हजार निजी स्कूल बंद हैं। यह दावा किया है हरियाणा निजी स्कूल संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान सिंह कुंडू ने। पाठकपक्ष विशेष बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि हिसार जिले में भी आज 900 प्राइवेट स्कूल विरोध स्वरूप बंद हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रशासन सोया हुआ था और महेंद्रगढ़ की घटना के बाद एकदम हड़बड़ा गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा अगर रेगुलर चेकिंग की होती तो यह दुर्घटना होनी ही नहीं थी। उन्होंने कहा कि इस चेकिंग के नाम पर बेमतलब चालान काटे जा रहे हैं, वहीं बच्चों और स्कूल प्रशासन को बेवजह तंग परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे बसों की चैकिंग करवाने के लिए तैयार हैं। इसके लिए उनकी बसों को रास्ते में न रोका जाए। उनके स्कूलों में पहुंचकर बसों के कागजात जांचे जा सकते हैं। कुंडू ने कहा कि रास्ते में बसें रोककर चालान करना या खड़ी बसों को इंपाउंड करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल संचालक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्कूल संचालक समय-समय पर सरकार की मदद करते रहें हैं व इस मामले में भी वह पूरी तरह सहयोग करने को तैयार हैं। बशर्ते उन्हें बेवजह परेशान ना किया जाए। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यह दो दिन का सांकेतिक बंद है। अगर इस बंद के बाद भी धक्केशाही जारी रही तो हम सरकार और प्रशासन के खिलाफ तीखा संघर्ष शुरू करेंगे। उधर सीबीएसई प्राइवेट स्कूल संघ के डीएस राणा ने भी बंद का पूर्ण समर्थन किया है। हिसार निजी स्कूल संघ के प्रधान नरेंद्र सेठी ने भी बंद का समर्थन करते हुए कहा कि सभी निजी स्कूल एक होकर इस आंदोलन में भाग ले रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ट्रांसपोर्ट की कमियों को ठीक करने के लिए 10 दिन का समय दिया जाए। उन्होंने बताया कि हमारा एक प्रतिनिधिमंडल हिसार से भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला को आज मिला और अपना पक्ष रखा। प्रतिनिधि मंडल में हरि कृष्ण शर्मा और अन्य शामिल थे।
Leave a Reply