22 जनवरी को राममय हुआ पूरा देश : विधायक विनोद भयाना
हांसी,14 फरवरी।
विकसित भारत संकल्प यात्रा का शहर के वार्ड नंबर 26 व 2 में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। हांसी विधायक विनोद भयाना ने इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की ।
उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी का संकल्प है कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। एक ऐसा राष्ट्र जिसमें नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो तथा जीवन स्तर भी उच्च हो। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे प्रदेश में 30 नवंबर से शुरु होकर प्रत्येक गांव तथा शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में पहुंच रही है, इसी कड़ी में यात्रा हांसी नगर परिषद के वार्ड नंबर 26 तथा वार्ड नंबर 2 में पहुंची है।
लाखों लोगों को मिला मौके पर लाभ:
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा से लाखों लोगों को मौके पर ही बुनियादी सुविधाओं का लाभ दिया गया है जिसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बीपीएल कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना इत्यादि सुविधाए शामिल है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक लाख 20 हजार रुपए से कम सालाना आय वाले लोगो का आयुष्मान कार्ड बनाए जबकि मनोहर सरकार ने एक कदम आगे बढ़ते हुए एक लाख 80 हजार रुपए से कम सालाना आय वाले लोगो के चिरायु कार्ड बनाए जा रहे हैं जिससे ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा लोगों को मिल रही है। 3 लाख सालाना आमदनी वाले परिवार 1500 रुपए प्रति वर्ष का शुल्क देकर चिरायु कार्ड का लाभ उठा सकते हैं। सरकार ने अब इस योजना का दायरा 5 लाख रुपए तक की आय वाले परिवारों का कर दिया है इस योजना का लाभ लेने के लिए उन्हें 5 हजार रुपए का शुल्क अदा करना होगा।
भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया व्यवस्था परिवर्तन का कार्य:
अपने संबोधन में श्री भयाना ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन का कार्य किया है पहले जो नौकरी खर्ची पर्ची के माध्यम से दी जाती थी आज वह योग्यता और मेरिट के आधार पर दी जा रही है। उन्होंने हाल ही में सी ई टी परीक्षा में चयनित हुए साढ़े 10 हजार युवाओं के चयन का हवाला देते हुए कहा यह मनोहर सरकार की एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
500 वर्ष के लंबे संघर्ष के बाद साकार हुआ राम मंदिर का निर्माण का सपना:
राम मंदिर के निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि 500 वर्ष के लंबे संघर्ष के बाद रामलला अपने घर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की। 22 जनवरी को पूरा देश राममय हो चुका है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली है की हमने राम मंदिर के निर्माण होते हुए देखा है, जिसके लिए अनेकों राम भक्तों ने अपना बलिदान दिया । मोदी जी ने तीन तलाक प्रथा को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं के जीवन को सुधारा है।
भारत को विकसित बनाने में सबका अहम योगदान:
अपने संबोधन में श्री भयाना ने कहा कि केवल अकेले मोदी जी भारत को एक विकसित राष्ट्र नहीं बना सकते ,भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में प्रत्येक नागरिक का अहम योगदान रहेगा। हाल ही में में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में तीन राज्यों के चुनाव में हुई विजय पर उन्होंने कहा कि मोदी जी का जादू निरंतर चल रहा है उन्होंने आगामी लोकसभा में विधानसभा चुनाव में मोदी जी व मनोहर लाल का सहयोग देने की अपील की ताकि भारत को विकास के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि 2024 एक महत्वपूर्ण वर्ष है और यह वर्ष देश के विकास के लिए चुनाव का वर्ष होगा। उन्होंने कहा कि हमें यह शपथ लेनी होगी कि हम देश के विकास में भागीदार बनेंगे और भारत को विकसित करवाने का जो सपना मोदी जी ने देखा है उसको हम साकार करने में प्रयत्न करेंगे।
स्टालों का किया अवलोकन:
इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाई गई जिसमें आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, इत्यादि विभाग सम्मिलित हुए। विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का अवलोकन करते हुए उन्होंने मौके दिए गए लाभ की रिपोर्ट प्राप्त की । उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 58 आयुष्मान कार्ड की ई केवाईसी की गई, 18 सामाजिक सुरक्षा पेंशन मौके पर बनाई गई जिसमें से 4 दिव्यांग, 3 विधुर, 11 बुढ़ापा तथा एक विधवा पेंशन शामिल है। इस दौरान 127 लोगों ने शुगर व खून की जांच , 8 लोगों ने टीबी जांच करवाई। आयुष विभाग से 257 तथा जनरल हेल्थ से 171 लोगों ने विभिन्न रोगों की दवाइयां प्राप्त की। विधायक ने लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को उन समस्याओं का निपटान करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष प्रवीण एलाबादी, वार्ड नंबर 26 से पार्षद दुलीचंद, वार्ड नंबर 2 से पार्षद हरी राम, वार्ड नंबर 1 से पार्षद प्रतिनिधि नवदीप सिंह बिडलान, वार्ड नंबर 21 से पार्षद मुकेश टुटेजा, वार्ड नंबर 5 से पार्षद बलवान गुर्जर, नगर परिषद ई ओ राजाराम, एम ई जयवीर सिंह, सफाई निरीक्षक संजय सिंह, संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास सेवा समिति हंसी के प्रधान रामलाल न्यौलिया, महंत सागर नाथ, यशपाल सिंह सैनी, हरिंदर यादव, राहुल, सहित विभिन्न भागों के अधिकारी व वार्ड वासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply