नव मतदाता अभिभावकों को करें मतदान के लिए प्रेरित : जिला निर्वाचन अधिकारी

कहा, जिला प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रयासरत 

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 12 मई : लोकतांत्रिक देश में एक आम आदमी की सबसे बड़ी ताकत वोट देने का अधिकार होता है। इसका उपयोग कर वह अपने लिए एक बेहतर सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में हर योग्य व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। आप लोगों का एक-एक मत आपकी दिशा व दशा तय करेगा। जिला प्रशासन द्वारा मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने रविवार को स्थानीय महावीर स्टेडियम में वॉकथॉन प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाते हुए यह संदेश दिया। मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्टेडियम से सुबह 6 बजे वॉकथॉन का आयोजन किया गया, वॉकथॉन में हर आयु वर्ग के लोग शामिल हुए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने उपस्थितजन को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। वे स्वयं भी वॉकथॉन प्रतियोगिमा में लोगों के साथ पैदल चले और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक किया। वॉकथॉन महावीर स्टेडियम से प्रारंभ हुई व लक्ष्मीबाई चौक और फव्वारा चौक होते हुए वापिस महावीर स्टेडियम में ही संपन्न हुई। उन्होंने जिलावासियों से मतदाता जागरूकता को लेकर आयोजित वॉकथॉन में भाग लेते हुए 25 मई को मतदान के दिन बढ़चढ़कर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान कर हम अपने लिए एक बेहतर प्रतिनिधि और सरकार का चुनाव कर सकते हैं। नव मतदाता अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करें। इस कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों द्वारा प्रेरक प्रस्तुतियां दी गई। वॉकथॉन के उपरांत उपायुक्त द्वारा प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.