पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 25 मई : हिसार लोकसभा सीट पर मतदान जारी है। हरियाणा में दोपहर 3 बजे तक 46.26 प्रतिशत मतदान हो चुका है। इस सीट पर 28 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हिसार सीट पर भाजपा ने रणजीत चौटाला, कांग्रेस ने जयप्रकाश, इनेलो ने सुनैना चौटाला और जजपा ने नैना चौटाला को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कुलदीप बिश्नोई ने विधायक बेटे भव्य बिश्नोई और पत्नी रेणूका बिश्नोई के साथ मतदान किया। रणजीत चौटाला, नैना चौटाला और सुनैना चौटाला ने सिरसा में मतदान किया। हालांकि जयप्रकाश ने अभी मतदान नहीं किया है। उनकी वोट कैथल जिले के कलायत में है। इसी बीच हिसार में बरवाला के सुलखनी गांव में मतदान केंद्र के बाहर लगा टेंट पुलिस ने हटा दिया। यहां वोटरों को लुभाने के लिए जलेबियां बांटी जा रही थी। दोपहर 1 बजे तक के मतदान में सबसे ज्यादा वोटिंग नलवा और सबसे कम बवानीखेड़ा में हुई। हिसार जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया ने बाल भवन के पिंक बूथ पर वोट डाला और कहा की पूरे जिले में शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। प्रदीप दहिया ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट करने की अपील की।

Leave a Reply