हिसार -आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि 21 जनवरी को पूरे हरियाणा में पार्टी के सभी जिला मुख्यालयों पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। हाल ही में दिल्ली में हुए सुंदरकांड के पाठ में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरे परिवार सहित शामिल हुए, हिसार सेक्टर 14 के सामने स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय में भी रविवार 21 जनवरी को सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। भगवान श्री राम जी के पावन चरित का वर्णन तुलसीदास कृत श्रीमद् रामचरितमानस में किया गया है, जिसका एक बहुत ही सुन्दर खंड सुंदरकांड है। सुंदरकांड में हनुमान जी के महापराक्रम, उनके अतुलित बल एवं प्रभु श्री राम के प्रति अनन्य भक्ति का बहुत ही सुंदर वर्णन है। हनुमान जी अपने प्रभु राम के ऐसे सेवक हैं जो उनके कार्य को किए बिना विश्राम भी नहीं करते। रामचरितमानस की कथा एक जीवन कथा नहीं है, अपितु प्रभु श्री राम की मर्यादाओं को स्थापित करने और जन कल्याण के लिए मूल्यों को पोषित करने की कथा है। प्रभु श्री राम ने जिस दिन वन गमन का निर्णय किया,उस दिन से उन्होंने अपने दिव्य व्यक्तित्व को अभिव्यक्त किया और अपने व्यक्तित्व की कमान अपने हाथों में ले ली। प्रभु श्री राम के पास जब चयन का एक क्षण आकर खड़ा हुआ तो वह वंचित होना चुनते हैं। ताकि वंचितों के साथ सहानुभूति कर सके। प्रभु श्री राम ने उस भूमिका को स्वीकार नहीं किया जो समाज ने उन्हें सौंपी थी। उन्होंने कैकेयी के वरों में अपनी पहचान निर्मित करने का अवसर देखा। वे वंशगत विरासत को कबूल लेते तो उनके साथ उन सीमाओं को भी ढोते। यदि प्रभु श्री राम उन सीमाओं के साथ चलते तो उस समय सुविधाओं और सरलता में उनका न पुरुषार्थ सिद्ध होता और न ही भगवता। प्रभु श्री राम अत्यंत शक्तिशाली के साथ नहीं खड़े हुए, उन्होंने अपने चरित का निर्माण स्वयं किया। प्रभु श्री राम कमजोरों को एकता के सूत्र में बांधते हैं, वे ठुकरा दिए लोगों के लिए या कहें कि व्यवस्था के विस्थापितों के आश्वासन हैं।, प्रभु श्री राम पददलित जनजाति का आत्म गौरव हैं, वह साहस हैं, सरल है, संतोषी हैं, प्रभु श्री राम एकता में बल देते हैं। वे अपना दीप स्वयं लेकर नहीं चलते वे तो दीप की पंक्ति बनाते चलते हैं। जर्मन दार्शनिक डमैन्युअल कांट ने कहा है कि अच्छा जीवन जीने की इच्छा रखने वालों को एक साथ आकर एक नैतिक राष्ट्रमंडल (एथिकल कॉमनवेल्थ) बनाना होगा। प्रभु श्री राम भी वही कहते हैं वही सीखाते हैं कि हम सभी को मिलकर पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति का सहारा बनने की कोशिश करनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि प्रभु श्री राम और उनके परम भक्त हनुमान जी के मूल्यों को अपना आदर्श मानते हुए आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता भगवान श्री रामचंद्र जी और उनके परम भक्त हनुमान जी के गुणों का गुणगान करेंगे।
एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा
प्रदेश प्रवक्ता
आम आदमी पार्टी हरियाणा
Leave a Reply