मानसून की पहली बारिश में पूरा शहर हुआ जल मग्न, व्यवस्था राम भरोसे, शहर के लोग परेशान : रामनिवास राड़ा

निकासी नहीं होने से लोगों के घरों में घुसा पानी, सड़कों पर कई फुट जमा पानी, दो घंटे में बरसाती पानी निकालने के बड़े-बड़े दावे हुए फेल

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 1 जुलाई :  मानसून की पहली बरसात ने ही भाजपा नेताओं, मंत्रियों के बड़े-बड़े दावों की पोल खोल कर रख दी है। दो घंटे में बरसाती पानी के बड़े-बड़े दावे फेल साबित हुए हैं। शहर में पॉश इलाकों में पानी की निकासी नहीं होने से घरों में बरसात का पानी घुस गया है। जनता सरकार व प्रशासन कोस रही है। यह बात हिसार से कांगेस पूर्व विधानसभा उम्मीदवार व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामनिवास राड़ा ने लोगों की सूचना पर शहर के ऋषि नगर, इंद्रप्रस्थ कलोनी, सेक्टर 14, हाऊसिंग बोर्ड, सुंदर नगर, ऑटो मार्किट, पड़ाव चौक एरिया, मोती बाजार, गाँधी चौक, भगतसिंह चौक, नई सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों के दौरान वहां का बुरा हाल देखते हुए कही। उन्होंने लोगों से बातचीत की और वहां की स्थिति को जाना। रामनिवास राड़ा ने कहा कि बरसाती पाइप लाइनों व सीवरेज की सही समय पर व ठीक ढंग से सफाई नहीं होने का नतीजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। हर बारिश में शहर के यही हालात होते हैं, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात वाला रहता है। इसके बीच में शहर के लोग ही पीसते हैं। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व यहां के सत्ता पक्ष के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री तथा पूर्व मेयर के नाकामी की वजह से शहर के लोग भारी परेशानियां झेलने को मजबूर हैं। राड़ा ने कहा कि उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया है यहां तक सैक्टर के एरिया में भी पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है कालोनी व अन्य क्षेत्रों की तो बात ही क्या की जा सकती है। शहर के लगभग सभी क्षेत्र जल मग्न हैं लोगों के घरों के बरसात का गंदा पानी भरा हुआ है और वे खुद अपने स्तर पर इसे निकालने में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि पानी का स्तर इतना अधिक था कि दौरे के दौरान सड़कों पर खड़ा पानी उनकी गाड़ी के अंदर भी आ गया। शासन-प्रशासन द्वारा इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा। शहर के हालात बेहद दयनीय हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि यहां सब राम भरोसे चल रहा है। रामनिवास राड़ा ने कहा कि मंत्री, पूर्व मेयर ने केवल वाहवाही लूटने और अपनी राजनीति चमकाने की बजाए शहर में जमीनी स्तर पर काम किये होते तो आज शहर के ये दयनीय हालात नहीं होते। उन्होंने मांग उठाई कि शहर में पानी निकासी के पुख्ता इंतजाम करके शहर की जनता को बरसाती जलभराव की समस्या से तुरंत निजात दिलाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.