ओपीजेएमएस के चमकते सितारे ने उभरते सितारों को किया सम्मानित

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 21 जुलाई : ओपी जिंदल मॉडर्न स्कूल के भव्य सभागार में दसवीं और बारहवीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों हेतु ‘पुरस्कार वितरण समारोहÓ का शानदार आयोजन किया गया। इस समारोह को विद्यालय की पूर्व छात्रा तथा नव चयनित डीएसपी सुश्री पूजा रानी ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर सुशोभित किया। समारोह का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने कर-कमलों द्वारा अभिभावकों की उपस्थिति में, सत्र 2023-24 के कक्षा दसवीं तथा कक्षा बारहवीं के कुल – 300 विद्यार्थियों (विद्यालय टॉपर-8, विषय टॉपर-109,मेरिट -183) को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत व नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित समस्त दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि सुश्री पूजा ने विद्यालय से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया तथा विद्यार्थियों को अपने अनुभव के आधार पर उनके भविष्य हेतु परामर्श देते हुए कहा कि यह अत्यंत आवश्यक है कि बच्चे अपने माता -पिता के साथ भावनात्मक रूप से जुड़े रहें ;उनसे आत्मीयता से बातें करें। आज, बच्चों को भावनात्मक समझ को भी आत्मसात करने की अत्यंत आवश्यकता है। विद्यार्थी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपनी मंजि़ल पर ध्यान केंद्रित रखें तथा सकारात्मक विचारों के साथ आगे बढ़ें, तो सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने शिक्षा में सर्वश्रेष्ठ स्थान पाने वाले पुरस्कृत विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें अपने गुणों को पहचानने व उन्हें विकसित करने पर बल दिया। इस गौरवशाली अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्या नंदिता साहू ने मुख्य अतिथि सुश्री पूजा और उपस्थित अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए अत्यंत सम्मान का विषय है कि भविष्य के होनहार कर्णधारों को विद्यालय की ही प्रतिभा ने पुरस्कृत कर उनका मार्गदर्शन किया। हमारा लक्ष्य उभरती प्रतिभाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना है। हम बच्चों की प्रतिभा को निखारकर उनके सुनहरे भविष्य हेतु मार्ग प्रशस्त करने के लिए सदैव कटिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.