तीन व्यापारियों से रंगदारी मांगने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ऑटो मार्केट रही बंद 

तीन व्यापारियों से रंगदारी मांगने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ऑटो मार्केट रही बंद 

सरकार ने तुरंत अपराधियों को नहीं पकड़ा तो व्यापार मंडल हरियाणा बंद का आह्वान करेगा : बजरंग गर्ग

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 28 जून : फिरौती के लिए धमकी-फायरिंग व्यापारी भड़क गए हैं। उन्होंने 4 दिन में 3 बड़े व्यापारियों से रंगदारी मांगे जाने को लेकर बाजार बंद करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने पुलिस को 72 घंटे का समय दिया था लेकिन पुलिस बदमाशों का पता नहीं लगा पाई। जिसके बाद आज शुक्रवार को ऑटो मार्केट और अनाज मंडी व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी हैं। गुरुवार शाम को व्यापारी नेता बजरंग दास गर्ग ने पूरी मार्केट में मुनादी करवाकर व्यापारियों से सहयोग मांगा था। शुक्रवार को हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग के नेतृत्व में एशिया की सबसे बड़ी मार्केट ऑटो मार्केट ऐतिहासिक रूप से बंद रही। ऑटो मार्केट बन्द के समर्थन में नई अनाज मंडी, खगानची बाजार व स्वर्ग कार संघ पूरी तरह से बंद रही और बन्द के दौरान व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने उपस्थित व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑटो मार्केट में तीन व्यापारियों से करोड़ों रुपए की फिरौती मांगने से प्रदेश के व्यापारी व आम जनता में बड़ा भारी रोष है। अपराधियों द्वारा महिंद्रा शोरूम पर लगभग 30 राउंड फायरिंग करके 5 करोड़ रुपए की, भीम ऑटो मोबाइल पर 2 करोड रुपए की, गोयल कार असैसरिज  पर 2 करोड रुपए की तीन दिन लगातार फिरौती मांगने से यह सिद्ध हो जाता है कि हरियाणा में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। हरियाणा में अपराध करने के मामले में अपराधी चुस्त है और सरकार पूरी तरह से सुस्त है और अपराधी खुलेआम पटाखे की तरह फायरिंग करके भाग जाते हैं और पुलिस प्रशासन आंख मूंद कर तमाशा देखती रहती है। बजरंग गर्ग ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने तुरंत अपराधियों को पकड़ कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की तो व्यापार मंडल हिसार जिला व हरियाणा बंद का आह्वान करेगा।  पीडि़त व्यापारी संजय गुप्ता, मनीष गोयल व किट्टू बंसल, ऑटो मार्केट स्पेयर पार्ट एसोसिएशन प्रधान बंटी गोयल, पूर्व प्रधान ईश्वर गोयल, ऑटो मार्केट विश्वकर्मा सभा एसोसिएशन प्रधान प्रताप मिस्त्री, कृष्ण चौधरी, रामनिवास राड़ा, वीर सिंह खालिया, राजगुरु मार्केट आर्गेनाइजेशन के प्रधान अजय सैनी, संरक्षक अक्षय मलिक, वशिष्ठ उप प्रधान शिव कुमार सैनी, महासचिव सुरेंद्र सोनी, खगानची बाजार एसोसिएशन प्रधान नगर मल गुरी, व्यापार मंडल युवा शहरी प्रधान मंगल ढालिया, अनाज मंडी एसोसिएशन जिला प्रधान पवन गर्ग, मंडी प्रधान राम अवतार गोयल, वशिष्ट उप प्रधान जगदीश गोदारा, बजरंग असरावां, मंडी  हॉस्पिटल प्रधान अनिल जैन आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.