पाठकपक्ष न्यूज
हिसार, 13 जुलाई : हिसार जिला के नारनौंद थाना के अंतर्गत आने वाले गांव संदलाना के पास नहर में अपने दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीण अपने स्तर पर युवक की नहर में तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा है। जानकारी के अनुसार संदलाना निवासी 20 वर्षीय सागर हिसार में सरकारी नौकरी के लिए कोचिंग ले रहा था। शनिवार को छुट्टी होने पर वह दोस्तों के साथ हिसार -बरवाला ब्रांच नहर में नहाने के लिए गया था। जैसे ही वह नहाने के लिए नहर में कूदा तो पानी का बहाव अधिक होने की वजह से एक युवक नहर में डूब गया। जबकि उसके अन्य साथी किसी तरह से बाहर निकल आए, लेकिन उनके दोस्त सागर का कोई पता नहीं लगा। कुछ देर तक भी जब उसका पता नहीं लगा तो उन्होंने सागर के परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण सागर को ढूंढने में लगे हुए हैं। वहीं प्रशासन की तरफ से अभी तक भी गोताखोर मौके पर नहीं बुलाए गए हैं। खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि सागर अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए नहर पर गया था। नहाते समय सागर पानी के तेज बहाव में बह गया। उसको ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। नहर में पानी कम करने के लिए भी बोला गया है।
Leave a Reply