वर्तमान में स्वस्थ रहने के लिए योगासन का महत्व सबसे अधिक : डिप्टी स्पीकर 

पाठकपक्ष न्यूज

हिसार, 20 जून :  हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा ने आमजन से आह्वान किया है कि योग को एक दिन की औपचारिकता ना समझे और इसे नियमित रूप से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, क्योंकि वर्तमान में स्वस्थ रहने के लिए योगासन का महत्व सबसे अधिक है। यदि हम बीमारियों से दूर रहना चाहते हैं तो इसके लिए हमें नियमित रूप से योगाभ्यास करना पड़ेगा। वे वीरवार को भारत विकास परिषद् की केशव शाख द्वारा सैक्टर 14  में आयोजित विशाल योगा शिविर का उद्घाटन करने उपरांत जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, शाखा अध्यक्ष सुरेंद्र लाहौरिया, नगर पार्षद टीनू जैन भी उपस्थित थे। शिविर में उन्होंने योग साधकों के साथ योगासन भी किए और बताया कि योग उनके जीवन का अहम हिस्सा है। प्रातकाल योगासन उपरांत ही वे अपनी दिनचर्या आरम्भ करते है।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय दिवस पर आयोजित होने वाले योगा कार्यक्रमों को लेकर जोरों तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला के साथ-साथ ब्लॉक स्तर पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।  इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का थीम ‘स्वयं व समाज के लिए योगÓ है। अंतराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के भव्य व सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार में योगा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। भारत विकास परिषद द्वारा द्वारा आयोजित योगा शिविर के लिए उन्होंने  केशव शाखा के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया और कहा कि भारत देश में अनेक सामाजिक, सेवाभावी एवं सांस्कृतिक संगठन हैं। इन्ही संगठनों में से भारत विकास परिषद भी एक ऐसा संगठन है, जिसनें भारतीय दर्शन एवं मूल्यों को आधार मानकर सेवा एवं सामाजिक प्रकल्पों के साथ मानव के सम्पूर्ण एवं सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया है। परिषद की केशव शाखा ने राष्ट्रीय दृष्टिकोण को प्रखर बनाने में अपनी विशिष्ट भूमिका का निर्वहन किया है। भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता के आदर्श स्वामी विवेकानन्द ने अकेले ही भारतीय संस्कृति, धर्म और देश के गौरव की ध्वजा को पूरे विश्व में लहराया था। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलकर हमारा देश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.