विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए आम लोगों को किया जागरूक
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर एड्स के प्रति जागरूकता फैलाई गई जिसमें एमबीबीएस, कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी, कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के अस्पताल की ओपीडी में किया गया जिससे आम लोगों को एड्स के प्रति फैली धारणाओं और भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के महासचिव जगदीश मित्तल व निदेशक डॉ अलका छाबड़ा ने कहा कि एड्स एक ऐसी बीमारी है जिसे लेकर समाज में काफी भ्रांतिया हैं। एक चिकित्सक होने के नाते ये हमारा कर्तव्य है कि हम समाज को जागरूक कर सही दिशा दें। उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज इस दिशा में प्रयासरत है और समाज को जागरूक करने के अपने दायित्व को बखूबी निभा रहा है। इस दौरान एमबीबीएस विद्यार्थियों द्वारा एक लघु नाटिका के जरिए एड्स के प्रसार, फैलाव, होने के कारण, लक्षणों, उपचार व बचाव को लेकर उपस्थित जनमानस को जागरूक किया गया। वही महाविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच एड्स जागरूकता को लेकर पोस्टर मेकिंग, नारा लेखन, रंगोली, फेस पेंटिंग जैसी विधाओं का आयोजन प्रतिस्पर्धा के तौर पर किया गया जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से एड्स के विभिन्न पहलुओं को बखूबी कागजों और चेहरों पर उकेरा।
प्रतियोगिता में बनाए गए पोस्टर, नारे, रंगोली और फेस पेंटिंग का अवलोकन महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के महासचिव जगदीश मित्तल ने किया और प्रतिभागियों से उनके द्वारा बनाए गए पोस्टर्स पर जानकारी ली। इसके साथ ही कॉलेज महासचिव जगदीश मित्तल ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे और इस प्रकार की गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक कर समाज को नई दिशा दी जा सकती है जो आने वाले वक्त में एक स्वस्थ व विकसित समाज की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी से बचाव का सर्वोत्तम उपाय उसके प्रति जागरूक होना ही है और जागरूकता ही एड्स से बचने का सबसे उचित व कारगर उपचार है। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी, शिक्षक और समाज का अग्रणी तबका मिलकर कदम बढ़ाएंगे तो समाज बेहतरी की दिशा में स्वयं ही गतिमान हो जाएगा।
इस दौरान कार्यक्रम में निदेशक प्रशासन डॉ आशुतोष शर्मा, एमएस डॉ राजीव चौहान, डॉ भारती अरोड़ा, डॉ आरके गोयल, डॉ शमशेर मलिक, डॉ हरेंद्र, डॉ संदीप राणा, डॉ दीपक, डॉ इशिता, डॉ प्रोमिला पांडे, डॉ निधि अग्रवाल, डॉ अनुपमा, डॉ अतुल, डॉ राजबीर, डॉ शिक्षांक, डॉ शालू, मुस्कान व सभी अधिकारी, विद्यार्थी और मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply