समाज सुधार व सेवा कार्यों के लिए पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी को हमेशा याद किया जाएगा : खोवाल
हिसार, 15 अप्रैल : हरियाणा के पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी के आकस्मिक निधन पर गुरुकुल आर्यनगर में शोक सभा आयोजित करके उनके सदकार्यों को याद किया गया। गुरुकुल आर्यनगर के मंत्री लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि गुरुकुल आर्यनगर के प्रांगण में गुरुकुल के कार्यकारी प्रधान रामकुमार आर्य की अध्यक्षता में शोक बैठक बुलाई गई जिसमें आर्य समाज नागोरी गेट के प्रधान पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी के आकस्मिक निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया तथा दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। गुरुकुल के मंत्री लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि आसपास की जितनी भी आर्य समाज की संस्थाएं हैं दिवंगत हरि सिंह सैनी उनमें सहयोग देते थे। उनके द्वारा गुरुकुल आर्यनगर में भी प्रतिवर्ष सहयोग राशि दी जाती थी इसके अलावा जब भी गुरुकुल को उनकी आवश्यकता पड़ी वे हमेशा गुरुकुल आर्य नगर के लिए समर्पित रहे। उनका जाना आर्य समाज की सभी संस्थाओं के लिए अपूरणीय क्षति है। समाज सुधार के कार्यों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाता रहेगा। इस शोक बैठक में गुरुकुल के मानक कुलपति आचार्य रामस्वरूप शास्त्री, गुरुकुल के संरक्षक सेठ राजकुमार आर्य काठमंडी, मान सिंह पाठक, सुभाष जांगड़ा उपप्रधान, कर्नल ओमप्रकाश, दीप कुमार आर्य, इंद्रदेव शास्त्री, पूर्व उप जिला शिक्षा अधिकारी सत्यव्रत, सुरेश आर्य, जोगेश शर्मा, रमेश शास्त्री, विनोद कुमार, सुनील कुमार, राजेश कुमार व कर्ण शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply