रचनात्मक व सकारात्मक सोच से हर मुकाम हासिल करना संभव : तरुण जैन
हिसार 3 फरवरी : अणुव्रत समिति द्वारा विद्यार्थियों की छुपी प्रतिभा को निखारने व संवारने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। बच्चों की रचनात्मक व सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हुए हिसार के सेक्टर-13 स्थित नीरज सदन में अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया। ‘असली आजादी अपनाओ’ विषय पर आधारित इस प्रदेश स्तरीय कॉन्टेस्ट के तहत लेखन, चित्रकला, गायन, भाषण एवं कविता वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
अणुव्रत समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण के सुशिष्य तपोमूर्ति मुनि पृथ्वीराज व मुनि श्री देवेंद्र कुमार का सान्निध्य मिला। इस अवसर पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष तरुण जैन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. एस. के. मिश्रा व प्रो. करतार सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर राज्य प्रभारी राजन जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों व शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि तरुण जैन ने कहा कि अणुव्रत समिति अलग-अलग अभियान चलाकर समाज में रचनात्मक सोच का समावेश कर रही है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि रचनात्मक व सकारात्मक सोच से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। जैन ने कहा कि बच्चों को गंभीरता से पढ़ाई करने के साथ-साथ अन्य सामाजिक, साहित्यिक, कला व खेल से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रहना चाहिए। ऐसी गतिविधियों में सक्रियता से आत्मविश्वास व अनुशासन का संचार होता है।
इस अवसर पर मुनि पृथ्वीराज ने कहा कि अणुव्रत मानव जाति का पथ प्रदर्शक है जिसकी शाश्वत अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि अणुव्रत हमारे आत्मबल, विवेक व संकल्प की आधार भूमि है। हम यदि अपने जीवन में नैतिकता व चारित्रिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प करें तो इससे न केवल हमारा जीवन सुखी व सफल होगा बल्कि अनेक पारिवारिक व सामाजिक समस्याओं का समाधान भी सरलता से हो जाएगा। इस दौरान मुनिश्री देवेंद्र कुमार ने हमेशा सदमार्ग अपनाने का आह्वान किया।
अणुव्रत समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संरक्षक महावीर प्रसाद जैन, दर्शन लाल शर्मा, अनिल जैन, सत्यपाल शर्मा, सुरेश कुमार जांगड़ा, राजकुमार सोनी, इंद्रेश पांडे, डॉ. दीपक गुप्ता, डॉ. हरीश अरोड़ा, अजय, जगदीश गर्ग, अनिल गुप्ता, शारदा पाहवा, एम. एल. मक्कड़, श्रवण गिरधर, राजकुमार जैन, मनीष जैन, सविता, प्रीति, सुगन चंद सिंगल व विजय कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के बच्चे, शिक्षकगण, अभिभावकगण व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
चित्र परिचय : 1. अणुव्रत समिति द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय स्पर्धा में उपस्थित अतिथिगण व प्रतिभागी।
2. अणुव्रत समिति द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय स्पर्धा में हिस्सा लेते विभिन्न जिलों के प्रतिभागी।
जारीकर्ता
राजेंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष
अणुव्रत समिति, हिसार
मो. 9466439046

Leave a Reply