शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा वास्तव में अंत्योदय के सपने को साकार करने में अहम भूमिका अदा कर रही है। सरकार गरीब तबके के लोगों के लिए लगातार योजनाएं बना कर हर पात्र हितग्राही को लाभ देने का प्रयास कर रही है।
वे शनिवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत अर्बन एस्टेट में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में नागरिकों से रूबरू हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है। इसी कड़ी में विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से लोगों के घर द्वार पर पहुंचकर जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से पंक्ति में अंतिम जरूरतमंद व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सकारात्मक कोशिश की जा रही हैै। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह से जुडऩे के बाद महिला सशक्त बनी है और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। इस दौरान ग्रामीणों को विकसित भारत संकल्प यात्रा मोदी की गारंटी वाली वैन में लगी एलईडी पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गांवों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टालें लगाकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टालों के माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन, ड्रोन प्रदर्शन, प्राकृतिक खेती, उज्ज्वला, स्वामित्व योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अंत्योदय योजना, पीएम-स्वनिधि योजना आदि की संपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में मेरी कहानी मेरी जुबानी कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों ने अपनी सफलता की कहानी के अनुभवों को भी सांझा किया। इस दौरान अनेक लोगों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी हासिल की और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन भी किया।
इन स्थानों पर भी पहुंची यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत गांव खारिया व मलापुर व नारनौंद में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांव खारिया व मलापुर में वरिष्ठ नेता रणधीर पनिहार ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाएं प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान योजना, आधार कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, फैमिली आईडी, उज्ज्वला योजना आदि योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि जब वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने तक हमारा देश पूर्ण रूप से विकसित हो। अंत्योदय की भावना से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचे, इसी उद्देश्य को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर रूप से प्रयास कर रही है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Leave a Reply