हिसार। हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश श्योकंद सेवानिवृत हो गए हैं। उनकी जगह अमित महराणा को हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
इससे पहले रोडवेज प्रांगण में रमेश श्योकंद की सेवानिवृति के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पर हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा हिसार व डिपो कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने रमेश श्योकंद के साथ बिताए पलों को याद किया और विभाग व कर्मचारियों के हित में किए गए उनके संघर्ष की विस्तार से चर्चा की। तत्पश्चात सेक्टर 1-4 के सामुदायिक केन्द्र में रमेश श्योकंद का सेवानिवृति समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा के नेता जयभगवान कादियान, जयवीर घनघस, दिनेश हुड्डा, आजाद गिल, सरबत पूनिया, नसीब सहित अन्य भी शामिल हुए। सभी ने रमेश श्योकंद का फूलमालाएं डालकर, स्मृति चिन्ह देकर व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
सेवानिवृति के इस कार्यक्रम में जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्य्क्ष निशान सिंह, चेयरमैन राजेन्द्र लितानी, जननायक कर्मचारी मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव मंदोला व प्रदेश प्रधान महासचिव सुरेश पाठक शामिल हुए। सम्मान समारोह के मौके पर हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी व सभी डिपो से आए पदाधिकारी द्वारा सर्वसम्मति से अमित महराणा को हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ का प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष चुना। कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने के बाद अमित महाराणा व रमेश शयोकंद ने पूरे प्रदेश से आये सभी कर्मचारियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर अमित महराणा व रमेश श्योकंद ने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। कर्मचारियों की जायज मांगे मानने के बाद भी सरकार मांगों को लागू नहीं करती। करनाल में 24 दिसंबर को सीएम आवास का घेराव करने के बाद कैंप कार्यालय द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत करने के लिए 10 जनवरी तक मुख्यमंत्री से बैठक करवाने का आश्वासन दिया था लेकिन सरकार ने वादाखिलाफी करते हुए यहां भी सांझा मोर्चा को झूठा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ सांझा मोर्चा के साथ मिलकर 24 जनवरी को एक दिन की सांकेतिक हड़ताल में बढ चढ़कर भाग लेगा। हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ हमेशा कर्मचारियों को हितों के लिए व रोडवेज को बचाने के लिए जब तक मांगे पूरी नहीं होगी तब तक संघर्ष करता रहेगा।
इस अवसर पर हिसार डिपो सांझा मोर्चा की ओर से मुख्य रूप से डिपो प्रधान अजय दुहन, राजबीर दुहन, राजकुमार चौहान, सुभाष ढिल्लो, अरूण शर्मा, नरेन्द्र सोनी, अमित जुगलान, सुरेश स्याहड़वा, जितेन्द्र शर्मा व सलीम सरसौद सहित सैंकड़ों कर्मचारी शामिल हुए।
Leave a Reply