नई शिक्षा नीति के अनुरूप समग्र शिक्षा अभियान के तहत बच्चों के जीवन कौशल विकास के लिए हांसी उपमंडल में मुलतानी कालोनी स्थित राजकीय हाई स्कूल तथा दयाल सिंह कालोनी स्थित राजकीय मिडल स्कूल में कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि जिला सुकून काउंसलर राहुल शर्मा ने शिरकत की।
उन्होंने जीवन कौशल विकास, नशा के दुष्परिणाम, पोक्सो एक्ट, सुकून सेंटर आदि बारे स्कूल में उपस्थित बच्चों को विस्तार से जानकारी दी। जिला सुकून काउंसलर राहुल शर्मा ने बताया की समग्र शिक्षा अभियान केंद्र सरकार के द्वारा नई शिक्षा नीति के तहत चलाई गई योजना है, जिसके तहत साक्षरता अनुपात को बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने बताया की जीवन कौशल हमें बहुत सी चीजे सिखाता है, जिसमें व्यक्तिगत विकास, सामाजिक जीवन, संयम रखना, समाधान करना, निर्णय लेने की क्षमता, संचार करना, आत्मविश्वास, सहानुभूति, भावनाओं पर नियंत्रण आदि शामिल हैं। जीवन बहुत बड़ा है। हमें कभी भी परेशानियों से निराश होकर नहीं बैठना चाहिए। जैसे की कई बार बच्चे व युवा परीक्षा में कम नंबर आने या असफल होने पर नशे का सहारे लेते हैं, जोकि उनके स्वास्थ्य के लिए खतरनाक तो है ही साथ ही उनके भविष्य को अंधकार में ले जाता है। जीवन में उतार-चढाव का आना-जाना चलता रहता है। हमें कभी भी विपरीत परिस्थिति में किसी भी प्रकार का कोई गलत कदम नहीं उठाना चाहिए। राहुल शर्मा ने बताया कि नशा करने से हार्ट फेल, कर्क, कैंसर, एचआईवी एड्स, हेपेटाइटिस बी, गुर्दे खराब होना, टीबी जैसी जानलेवा बीमारियां पैदा हो जाती हैं। उन्होंने पोक्सो एक्ट व सिविल अस्पताल में खोले गए सुकून केंद्र के बारे में भी बच्चों को विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा जीवन में कामयाबी पाने के लिए बच्चों को सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में नशा न करने की प्रण लें, सोशल मीडिया से बचें, और यातायात के नियमों का हमेशा पालन करें। अपनी मेहनत पर विश्वास रखने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपना योगदान दें।
इस अवसर पर मुख्याध्यापिका सरिता मित्तल, मुख्याध्यापक सुभाष चंद्र, स्कूल स्टाफ से मोनिका, रजनी, मुकता, सावित्री देवी, ललिता रानी, राहुल धतरवाल सहित स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Leave a Reply