नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में जारी राष्ट्रीय युवा सप्ताह के तहत शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंडावास में सांस्कृतिक दिवस मनाया गया। आजाद हिंद युवा क्लब किरतान के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हरियाणवी संस्कृति से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियां देते हुए अनेकता में एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि प्राचार्या वीना तनेजा ने युवाओं को देश की रीढ़ की हड्डी बताते हुए देश व समाज के उत्थान में अपना पूरा सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी समाज या देश के विकास में महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। इसलिए युवाओं को मेहनत व लगन से कार्य करते हुए देश के उत्थान में अपना योगदान देना चाहिए। प्रवक्ता उषा ने स्वास्थ्य व स्वच्छता पर अपने विचार रखे। क्लब प्रधान कपूर सिंह ने जैविक खेती व प्रिया ने ऑर्ट एंड क्राफ्ट के बारे में अपने विचार रखे। इस मौके पर अंग्रेजी प्रवक्ता सुनील दत व दर्शना सहित अन्य स्टाफ सदस्य व युवा मौजूद थे।
Leave a Reply